ePaper

सीएम चंपाई सोरेन ने छात्रों को दी गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की सौगात, बोले अब पढ़ाई के लिए नहीं करें पैसे की चिंता

Updated at : 11 Mar 2024 5:34 PM (IST)
विज्ञापन
सीएम चंपाई सोरेन ने छात्रों को दी गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की सौगात, बोले अब पढ़ाई के लिए नहीं करें पैसे की चिंता

लाभुक को योजना का लाभ देते सीएम चंपाई सोरेन

झारखंड के सीएम चंपाई सोरेन ने सोमवार को गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की सौगात दी. उन्होंने कहा कि पैसे की चिंता नहीं करें. सरकार आर्थिक मदद करेगी.

विज्ञापन

रांची: सीएम चंपाई सोरेन ने सोमवार को झारखंड के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात दी है. उन्होंने गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना व मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने रांची के क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र में नवनिर्मित 3-D थिएटर का भी उद्घाटन किया. उन्होंने रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में आयोजित समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सिर्फ पढ़ाई की चिंता करें. राज्य सरकार आपकी आर्थिक मदद करेगी. बेहतर शिक्षा व्यवस्था से ही बेहतर समाज और राज्य का निर्माण हो सकेगा. झारखंड के बच्चे-बच्चियों के करियर को सरकार उड़ान देगी. उन्होंने कहा कि पढ़ाई में पैसा बाधक नहीं बनेगा. आप निश्चिंत होकर पढ़ाई कीजिए. राज्य सरकार आपकी आर्थिक मदद करेगी.

आप बेफिक्र होकर करें पढ़ाई, सरकार करेगी आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड के गरीब बच्चे-बच्चियों को पढ़ाई के लिए पैसे की चिंता करने की जरूरत नहीं है. आप अपना भविष्य संवारने की दिशा में आगे बढ़िए. राज्य सरकार आर्थिक मदद करने को तैयार है. सोमवार को सीएम ने विद्यार्थियों को गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना का तोहफा दिया. मुख्यमंत्री ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अब आपके और आपकी पढ़ाई के बीच में आर्थिक तंगी बाधा नहीं बनेगी. राज्य सरकार आपके करियर को उड़ान देने में जुटी है.

अब राज्य सरकार बनेगी गारंटर, 15 लाख तक का मिलेगा ऋण
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि बच्चों को अब उच्च शिक्षा के लिए गिरवी रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्हें आर्थिक मदद के लिए गारंटी नहीं देनी होगी. अब राज्य सरकार ही गारंटर बनेगी. गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत विद्यार्थियों को 15 लाख रुपए तक का शिक्षा ऋण मिलेगा. इसमें आपको सरकार की ओर से कई रियायतें भी दी जाएंगी. मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्राओं को डिप्लोमा स्तरीय कोर्स के लिए प्रतिवर्ष 15 हजार रुपए एवं बीटेक कोर्स के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी.

पढ़ाई में बच्चों के साथ खड़ी है सरकार
सीएम ने कहा कि गरीब बच्चों ने अपने भविष्य को लेकर जो सपना देखा है. उसे पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है. जो बच्चे इंजीनियर, डॉक्टर और वकील आदि बनने की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन पैसे की तंगी बाधा पैदा कर रही है, तो वैसे बच्चों को सरकार आर्थिक सहयोग करेगी, ताकि वे पढ़ लिखकर बेहतर करियर बना सकें और राज्य के साथ अपने परिवार व समाज को सशक्त बनाने में अहम योगदान दे सकें.

झारखंड के गरीब बच्चों को ला रहे मुख्यधारा में
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड गरीब राज्य है. यहां के आदिवासी, मूलवासी परिवारों के बच्चे आर्थिक कठिनाइयों की वजह से उच्च शिक्षा पाने से वंचित हो जाते हैं. ऐसे में इन गरीब आदिवासी, मूलवासी बच्चों को उच्च शिक्षा देने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता कर रही है. सीएम ने कहा कि अपने राज्य के बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा में लाने का कार्य किया जा रहा है.

राज्य की तरक्की के लिए बच्चों की शिक्षा अहम
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि शिक्षा का बेहतर वातावरण बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. इस राज्य के सभी वर्ग के बच्चों को बेहतर और उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिले, इसके लिए कई योजनाएं चलायी जा रही हैं. जब तक यहां के बच्चे पढ़-लिखकर अच्छा मुकाम हासिल नहीं करेंगे, तब तक इस राज्य को आगे नहीं ले जाया जा सकता है.

बच्चों को फ्री कोचिंग व रहने-खाने का खर्च उठा रही सरकार
झारखंड के बच्चों को प्रतियोगिता-परीक्षाओं की तैयारी से लेकर विभिन्न कोर्सेज को करने के लिए राज्य सरकार आर्थिक मदद कर रही है. मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत विभिन्न परीक्षा प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को फ्री कोचिंग करने के साथ-साथ रहने-खाने का भी खर्च सरकार वहन कर रही है. अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों की विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए शत-प्रतिशत स्कॉलरशिप दे रही है. इस अवसर पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, बादल, राज्य सभा सांसद महुआ माजी, मुख्यमंत्री के सचिव अरवा राजकमल, प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा, पुलिस उप महानिरीक्षक अखिलेश कुमार झा, उच्च शिक्षा निदेशक रामनिवास यादव समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.

ये हैं समारोह की खास बातें
12 सौ विद्यार्थियों को मिला गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड. 900 छात्राओं को मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिया गया.
गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के पोर्टल की लॉन्चिंग की गयी.
झारखंड विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद के नए वेब पोर्टल का शुभारंभ.
गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को लेकर उच्च शिक्षा एवं तकनीकी विभाग का सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक धनबाद एवं एचडीएफसी बैंक के साथ हुआ एमओयू.
झारखंड विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद और राष्ट्रीय नव प्रवर्तन प्रतिष्ठान भारत के मध्य हुआ एमओ एमओयू.
क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र रांची में नवनिर्मित 3-D थिएटर का उद्घाटन.

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola