भागलपुर में ट्रक ने पुलिस जीप को मारी टक्कर, दो होमगार्ड जवान समेत चार लोगों की मौत

Updated:
विज्ञापन
भागलपुर में ट्रक ने पुलिस जीप को मारी टक्कर, दो होमगार्ड जवान समेत चार लोगों की मौत

आक्रोशित लोगों ने आगजनी की Angry people set fire to

विज्ञापन

भागलपुर : लोदीपुर थाना क्षेत्र के भागलपुर बाइपास स्थित बंसीटीकर मोड़ पर शनिवार की सुबह एक अनियंत्रित ट्रक ने चार लोगों की जान ले ली. मरनेवाले लोगों में लोदीपुर थाने के गश्ती पार्टी के साथ प्रतिनियुक्त होमगार्ड के दो जवानों के साथ-साथ दो अन्य लोग भी शामिल हैं. वहीं, ट्रक की चपेट में आयी पुलिस जीप सहित तीन गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और एक दर्जन से अधिक छोटे-बड़े वाहनों में तोड़फोड़ की. इस दौरान सड़क दुर्घटना का फायदा उठा कर वाहनों में लूटपाट भी की गयी. स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता चला गया और लोग आगजनी और वाहनों में आग लगाने को उतारू हो गये. घटना की सूचना पाकर सीनियर एसपी आशीष भारती, सिटी एसपी एसके सरोज, डीएसपी विधि व्यवस्था नेसार अहमद शाह, ट्रैफिक डीएसपी आरके झा, चार थाना की पुलिस और दंगा नियंत्रण पार्टी को बुलाया गया.

undefined

मृतकों में लोदीपुर थाने में प्रतिनियुक्त होमगार्ड जवान अकबरनगर पैन निवासी 55 वर्षीय कैलाश यादव, होमगार्ड जवान तिलकपुर सुल्तानगंज निवासी 55 वर्षीय उदय यादव, ट्रैक्टर चालक गुड्डी बादरपुर निवासी 25 वर्षीय धीरज कमार यादव, मजदूर गुड्डी बादरपुर निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र यादव शामिल हैं. वहीं, घायलों में लोदीपुर थाने के एएसआइ कमलजीत कुमार और होमगार्ड जवान हरीष कुमार शामिल हैं.

हादसे के संबंध में घायल पदाधिकारी ने बताया कि वे लोग रात्रि गश्ती में प्रतिनियुक्त थे. वहीं, बाइपास पर भीषण जाम की स्थिति को देखते हुए उनकी ड्यूटी बढ़ा दी गयी थी. बंसीटीकर मोड़ स्थित चौरास्ता पर बंसीटीकर की ओर से एक कार तेज रफ्तार में बाइपास पर चढ़ने लगी. इसे देख सड़क पर जाम हटा रहे होमगार्ड जवानों ने लोदीपुर की ओर से जीरोमाइल जा रहे ट्रक को रोका. लेकिन, रफ्तार तेज होने की वजह से ट्रक बेकाबू हो गया और दोनों जवानों को कुचलते हुए सड़क किनारे बाइक लगाकर खड़े दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. वहीं, आगे जाकर लोदीपुर थाने की गश्ती गाड़ी को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़ी बांका जिले के धौरैया बीडीओ की निजी कार पर ट्रक जा गिरा. हालांकि, बीडीओ की गाड़ी में कोई नहीं था. इसलिए किसी को कुछ नहीं हुआ.

इधर, ग्रामीणों का आरोप है कि लोदीपुर थाने की गश्ती पार्टी बंसीटीकर मोड़ पर ट्रकों से वसूली कर रही थी. वसूली करने के लिए ट्रक को रोकने के क्रम में ट्रक बेकाबू हो गया और हादसा हो गया. घटना के बाद चारो शवों को घटनास्थल से तुरंत हटा कर हंगामा शांत कराया गया. इधर, पुलिस ने हंगामा करनेवाले तीन-चार संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है.

विज्ञापन
Kaushal Kishor

लेखक के बारे में

By Kaushal Kishor

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन