परिवार नियोजन ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर बवाल, चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग

Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 27 Feb 2026 6:26 PM

विज्ञापन

अनुमंडलीय अस्पताल में फैमिली प्लानिंग ऑपरेशन के बाद एक 27 वर्षीया महिला की मौत हो गयी.

विज्ञापन

परिजनों ने अस्पताल में की तोड़फोड़, हाइवे जाम कर किया प्रदर्शन

त्रिवेणीगंज. अनुमंडलीय अस्पताल में फैमिली प्लानिंग ऑपरेशन के बाद एक 27 वर्षीया महिला की मौत हो गयी. घटना से आक्रोशित परिजनों ने शुक्रवार सुबह से अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. अस्पताल के ठीक सामने एनएच 327 ई को जाम कर आगजनी शुरू कर दी. वहीं पेट्रोल पंप पर खड़ी पुलिस वाहन को आक्रोशित लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. रोड़ेबाजी में चालक सुधीर कुमार जख्मी हो गये. वहीं अस्पताल में भी तोड़फोड़ की. अस्पताल गेट को तोड़ दिया गया.

चिकित्सक पर लगाया लापरवाही का आरोप

मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के कशहा लतौना वार्ड नंबर तीन निवासी दिनेश कुमार की पत्नी रूबी कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रूबी कुमारी को गुरुवार सुबह फैमिली प्लानिंग ऑपरेशन के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था. गुरुवार की शाम ऑपरेशन के बाद उन्हें अस्पताल में ही रखा गया. परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार की सुबह करीब 3 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी. कई बार कहने के बावजूद डॉक्टरों ने समुचित इलाज नहीं किया. आरोप है कि काफी देर बाद डॉक्टर मरीज को देखने पहुंचे और फिर मरीज को ऑक्सीजन लगायी और वहां से भाग निकले. स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें मधेपुरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने रूबी कुमारी को मृत घोषित कर दिया.

अस्पताल में किया हंगामा

परिजन शव को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर एक ट्रक खड़ा कर दिया. अस्पताल के सामने एनएच 327 ई पर शव रखकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. परिजनों ने निष्पक्ष जांच व दोषी डॉक्टरों और नर्सों पर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.

चार घंटे तक चलता रहा हंगामा

माहौल बिगड़ता देख मौके पर बीडीओ अभिनव भारती और एसडीएओ मुकेश कुमार पहुंचे. सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान और थानाध्यक्ष राकेश कुमार के साथ मिलकर जाम हटाने में सफल तो हुए लेकिन दोपहर साढ़े बारह बजे जाम समाप्त कराने के बाद जैसे ही स्थल से बीडीओ और एसएडीओ वापस लौटे की परिजनों ने फिर मृतका के शव को एनएच 327 ई पर रखकर जाम, प्रदर्शन और आगजनी करने लगे. तकरीबन चार घंटों तक परिजनों का यह ड्रामा चलता रहा. सूचना पर एसडीएम अभिषेक कुमार और एसडीपीओ विभाष कुमार आसपास के थानों की पुलिस फोर्स के साथ स्थल पर पहुंचे. आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सभी असफल रहे. कुछ देर बाद दोपहर करीब दो बजे एसडीएम और एसडीपीओ पुलिस बलों और अन्य अधिकारी एकजुट होकर जाम स्थल पहुंचे. आक्रोशित लोगों को बल पूर्वक हटाया. वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि मामला पूरी तरह नियंत्रण में है. स्थिति सामान्य है. मामले की जांच की जा रही है.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन