सुपौल में घटिया सामग्री से बन रहा था स्कूल भवन, प्रधानाध्यापक ने रुकवाया निर्माण, कार्रवाई की अनुशंसा

चल रहा निर्माण कार्य | Prabhat Khabar Network
Supaul News: सुपौल जिले के निर्मली में घटिया सामग्री से बन रहे नए विद्यालय भवन के निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. प्रधानाध्यापक द्वारा निर्माण रुकवाए जाने के बाद अब शिक्षा विभाग से कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. ग्रामीण उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं.
Supaul News: सुपौल जिले के निर्मली प्रखंड स्थित भागीरथ उच्च माध्यमिक विद्यालय में लाखों रुपये की लागत से बन रहे नए विद्यालय भवन के निर्माण में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है. आरोप है कि संवेदक ने बिना विद्यालय प्रशासन को सूचना दिए और विभागीय निर्देशों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री से निर्माण कार्य शुरू कर दिया. मामले की जानकारी मिलने पर प्रधानाध्यापक ने निर्माण कार्य रुकवाया और शिक्षा विभाग से शिकायत की. अब विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है.
बिना सूचना शुरू कर दिया निर्माण कार्य
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम विद्यालय परिसर में नए भवन के फाउंडेशन का ले-आउट किया जा रहा था. इसकी जानकारी मिलने पर प्रधानाध्यापक मो. यूसुफ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रशासन को निर्माण कार्य की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी और न ही निर्माण स्थल पर सूचना पट्ट लगाया गया था.
प्रधानाध्यापक ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाते हुए शिक्षा विभाग के कनीय अभियंता ब्रजेश कुमार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने संवेदक को स्पष्ट चेतावनी दी कि मानक के अनुरूप सामग्री उपलब्ध नहीं होने पर एक भी ईंट नहीं लगने दी जाएगी.
रात में ही कर दी गई फाउंडेशन की ढलाई
आरोप है कि प्रधानाध्यापक के लौटने के बाद शाम करीब पांच बजे संवेदक ने दोबारा काम शुरू कर दिया और कथित तौर पर उसी घटिया सीमेंट से फाउंडेशन की ढलाई कर दी. गुरुवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर शिक्षक और छात्रों ने देखा कि नींव पूरी तरह तैयार हो चुकी थी.
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का विरोध किया. ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और भविष्य से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
JE बोले- आदेश के बावजूद ढलाई हुई तो होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग के कनीय अभियंता ब्रजेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने स्थल का निरीक्षण किया था और घटिया सीमेंट बदलने तथा निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया था.
उन्होंने कहा कि यदि विभागीय निर्देश के बावजूद ढलाई की गई है, तो यह आदेश की अवहेलना है. ऐसे में संवेदक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
Supaul News: डीएम और डीईओ से उच्चस्तरीय जांच की मांग
स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने जिलाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. साथ ही दोषी संवेदक पर प्राथमिकी दर्ज करने, घटिया सामग्री जब्त करने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री से दोबारा निर्माण कराने की मांग उठाई गई है.
प्रधानाध्यापक मो. यूसुफ ने कहा कि यह केवल भवन निर्माण का मामला नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा विषय है. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत डीईओ और डीएम को सौंपी जाएगी.
इसे भी पढ़ें: 160 KMPH की रफ्तार से बस 60 मिनट में बिहार के इस शहर से पटना पहुंच जाएंगे आप, क्या है सरकार का प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










