भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, नेपाली शराब और 2 किलो गांजा जब्त, बाइक समेत दो गिरफ्तार
गांजा व बाइक के साथ पकड़े गए व्यक्ति. | Prabhat Khabar Network
एसएसबी 45वीं बटालियन ने भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों पर नकेल कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है. गश्त के दौरान 31.5 लीटर नेपाली शराब और 2 किलो गांजा बरामद किया गया है. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो तस्करी के प्रयास में पकड़े गए.
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम और सीमा सुरक्षा को लेकर एसएसबी 45वीं बटालियन की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में फतेहपुर और सतना बीओपी के बलकर्मियों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नेपाली शराब और गांजा बरामद किया. दोनों मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
बोरी में छिपाकर ले जा रहा था 31.5 लीटर नेपाली शराब
पहली कार्रवाई फतेहपुर बीओपी की पेट्रोलिंग पार्टी ने की. बॉर्डर पीलर संख्या 203/03 के समीप गश्त के दौरान जवानों ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान बोरी से 31.5 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई.
पकड़े गये व्यक्ति की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी महेश मुखिया के रूप में हुई. शराब और गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद सिमराही उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया.
नेपाल से बाइक पर गांजा लेकर पहुंचा था भारत
दूसरी कार्रवाई सतना बीओपी क्षेत्र में विशेष पेट्रोलिंग पार्टी ने की. जवानों ने नेपाल की ओर से बाइक से भारत आ रहे एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली. उसके पास से 2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के सुनसरी जिले के श्रीपुर निवासी वीरेंद्र यादव के रूप में हुई. कार्रवाई के दौरान बाइक भी जब्त कर ली गयी. बरामद गांजा, बाइक और गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद वीरपुर पुलिस को सौंप दिया गया.
सीमा पर लगातार निगरानी और गश्ती
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार, मुख्य आरक्षी दुर्गा लाल मीणा सहित अन्य एसएसबी बलकर्मी शामिल रहे. 45वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और गश्ती की जा रही है.
उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए