मरीज की मौत पर परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया
छातापुर. मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार को 51 वर्षीया महिला की मौत का मामला सामने आया है. मृतका के परिजनों ने अस्पताल में चिकित्सीय लापरवाही के कारण मौत होने का आरोप लगाया है. मृतका छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया पंचायत वार्ड संख्या नौ निवासी नुनुलाल यादव की पत्नी मुसहरिया देवी बतायी जा रही है. मौत की जानकारी के बाद मृतका के परिजन व ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया. मामले से अवगत होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया. मृतका के पुत्र रंजीत कुमार एवं पुत्री लवली देवी के अनुसार सोमवार दोपहर पेट दर्द की शिकायत पर मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. देररात अस्पताल प्रबंधन के लोग अचानक से मरीज की स्थिति नाजुक बताकर मधेपुरा मेडिकल कॉलेज ले जाने की बात कहने लगे. प्रबंधन द्वारा अपने निजी वाहन से मरीज को मधेपुरा भेज दिया गया. मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने दावा किया कि मरीज की मौत अस्पताल में ही हो चुकी थी. वहीं अस्पताल प्रबंधन की मानें तो पेट दर्द की शिकायत पर मरीज भर्ती हुई थी. देररात स्थिति नाजुक होने पर मरीज को मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. परंतु रेफर के बाद भी परिजन मरीज को मधेपुरा ले जाने में काफी विलंब कर रहे थे. जिसके बाद उन्होंने अपने वाहन से मरीज को मधेपुरा भेजा है. इस संदर्भ में थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया गया है. मामले में अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




