एपीएचसी से रेफर प्रसूता को सरकारी एंबुलेंस ने रास्ते में ही निजी एम्बुलेंस पर किया सवार, शहर के एक अवैध नर्सिंग होम में मौत पर परिजनों ने मचाया बवाल

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

प्रसूता को बुखार रहने की वजह से वहां ड्यूटी पर तैनात एएनएम ने उसे सदर अस्पताल के लिए भेज दिया

विज्ञापन

सुपौल सदर प्रखंड के लौकहा एपीएचसी से रेफर एक प्रसूता की मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित एक अवैध नर्सिंग होम में ईलाज के दौरान मौत हो गई. जिसके बाद मृतका के परिजनों ने जम कर बवाल मचाया. हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझा कर हंगामा शांत कराया. वहीं कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि सदर प्रखंड अंतर्गत गढ़ बरुआरी पंचायत के वार्ड 12 निवासी शंकर कुमार की 20 वर्षीया पत्नी सीता देवी को सोमवार की शाम करीब 05 बजे प्रसव पीड़ा के बाद लौकहा एपीएचसी में भर्ती कराया गया. यहां मंगलवार की सुबह करीब 05 बजे उसने बच्चे को जन्म दिया. लेकिन प्रसूता को बुखार रहने की वजह से वहां ड्यूटी पर तैनात एएनएम ने उसे सदर अस्पताल के लिए भेज दिया. मृतका का ससुर दुखा तांती ने बताया कि एपीएचसी से सरकारी एंबुलेंस मिल गई थी. लेकिन रास्ते में ही परिजनों को जबरन एक निजी एंबुलेंस में सवार कर दिया गया. यह निजी एंबुलेंस उन्हें जिला मुख्यालय स्थित एक निजी क्लिनिक ले आई. यहां कुछ घंटों के बाद मरीज को जबरन दोबारा किसी निजी एंबुलेंस में सवार किया जा रहा था. परिजनों को देखने तक से रोका गया. लेकिन जब एंबुलेंस में प्रसूता का शरीर छू कर देखा तो वह ठंडा पड़ चुका था. इसके बाद परिजन हंगामा करने लगे. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा परिजनों को समझा बुझा कर शांत किया गया. जिस क्लिनिक पर हंगामा हुआ उसके बाहर डॉ अभिषेक कुमार बच्चन के नाम का बोर्ड लगा हुआ है, जो सदर प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी हैं. बहरहाल, घटना के बाद क्लिनिक के कर्मी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं. इस बाबत सदर प्रख���ड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अभिषेक कुमार बच्चन के सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क का प्रयास किया गया. लेकिन समाचार प्रेषण तक मोबाइल बंद पाया गया. इस बाबत सिविल सर्जन डॉ ललन ठाकुर ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है. मामले की जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

विज्ञापन

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन