सुपौल में मद्य निषेध विभाग का बड़ा एक्शन: 88 बोतल नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 20 May 2026 12:06 PM

विज्ञापन

मद्य निषेध टीम

सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाके कुनौली क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. डगमारा मद्य निषेध की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर राजपुर गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है और मौके से एक मुख्य तस्कर को दबोचा है.

विज्ञापन

कुनौली (सुपौल) से मनीष सिंह की रिपोर्ट:

गुप्त सूचना पर मद्य निषेध टीम ने राजपुर गांव में की छापेमारी

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए मद्य निषेध विभाग की टीम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है. डगमारा मद्य निषेध निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह और कुश कुमार ने संयुक्त रूप से मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा से सटे राजपुर गांव में बड़े पैमाने पर अवैध विदेशी/नेपाली शराब का स्टॉक डंप किया गया है और वहाँ से उसकी तस्करी की जा रही है. सूचना के पूरी तरह सत्यापन के बाद मद्य निषेध विभाग की एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित छापेमारी अभियान चलाया गया.

घर के बगल से बरामद हुई 26.4 लीटर शराब, तस्कर गिरफ्तार

गठित टीम ने जैसे ही राजपुर गांव में चिन्हित ठिकाने पर दबिश दी, वहाँ हड़कंप मच गया. पुलिस बल ने स्थानीय निवासी सियाराम पासवान के घर के बगल में छिपाकर रखी गई कुल 88 बोतल नेपाली देशी शराब बरामद की. अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 26.4 लीटर है, जिसमें प्रत्येक बोतल 300 एमएल (ML) की क्षमता वाली थी. इस अवैध धंधे में संलिप्त मुख्य आरोपी और शराब तस्कर सियाराम पासवान को मद्य निषेध बल ने मौके से ही घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया.

केस दर्ज कर तस्कर को भेजा गया जेल, टीम में महिला सिपाही भी रहीं मुस्तैद

मद्य निषेध विभाग ने जब्त शराब को जब्त करते हुए आरोपी तस्कर के खिलाफ उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत मद्य निषेध थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है. इसके बाद आवश्यक कागजी और कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

इस सफल और बड़ी छापेमारी टीम में अवर निरीक्षक मद्य निषेध विष्णुदेव कुमार, विशाल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुधीर कुमार सहित भारी संख्या में महिला सिपाही, सैफ (SAF) बल और बिहार होमगार्ड (BHG) बल के जवान मुख्य रूप से मुस्तैद रहे. अधिकारियों का कहना है कि नेपाल सीमा से होने वाली शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी यह अभियान जारी रहेगा.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन