पंचायत परिसीमन के ईबी मैपिंग कार्य में तेजी, छुट्टी के दिन भी क्षेत्र में उतरे बीडीओ
फोटो- मधुबनी में ईबी सत्यापन कार्य का निष्पादन करवाते बीडीओ | Prabhat Khabar Network
पंचायत परिसीमन 2026 के तहत ईबी मैपिंग कार्य की धीमी गति पर प्रखंड प्रशासन ने सक्रियता दिखाई है. निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कराने के लिए बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता रविवार को भी क्षेत्र में उतर गए और मैपिंग कार्य का निरीक्षण कर उसे तेज करने का निर्देश दिया.
छातापुर (सुपौल). पंचायत परिसीमन 2026 के तहत चल रहे ईबी के अक्षांशीय एवं देशांतरीय विस्तार कार्य की धीमी प्रगति को लेकर प्रखंड प्रशासन सक्रिय हो गया है. निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के लिए रविवार को अवकाश के बावजूद बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ क्षेत्र में उतर गए. मधुबनी पंचायत पहुंचकर बीडीओ ने अपनी मौजूदगी में ईबी का नौ दिशाओं में अक्षांशीय एवं देशांतरीय विस्तार कार्य कराया और कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से मैपिंग करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
10 सितंबर तक 524 ईबी की मैपिंग पूरी करने का लक्ष्य
बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि प्रखंड के सभी 524 ईबी का नौ दिशाओं में अक्षांशीय एवं देशांतरीय विस्तार कार्य पूरा करने के लिए 10 सितंबर तक की समय सीमा निर्धारित की गयी है. पिछले पांच दिनों में कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पायी गयी. इसके बाद कार्यालय आदेश जारी कर प्रतिनियुक्त सभी नोडल पदाधिकारियों और कर्मियों को क्षेत्र में जाकर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
मधुबनी पंचायत में बीडीओ ने खुद करायी मैपिंग
रविवार को मधुबनी पंचायत पहुंचे बीडीओ ने स्वयं मौजूद रहकर ईबी के नौ दिशाओं में अक्षांशीय एवं देशांतरीय विस्तार का कार्य कराया. इस दौरान तय मापदंडों और कार्य की संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा गया. बीडीओ ने मौके पर मौजूद कर्मियों को निर्देश दिया कि मैपिंग कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी आंकड़ों का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाए.
चार पंचायतों पर तैनात नोडल पदाधिकारी कर रहे मॉनिटरिंग
ईबी मैपिंग कार्य की निगरानी के लिए चार पंचायतों पर नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. सीओ रविराज कुमार, बीपीआरओ देश कुमार, आरओ अजमेरी अंसारी समेत अन्य नोडल पदाधिकारी, कार्यपालक सहायक और कर्मी क्षेत्र में चल रहे कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. प्रशासन की कोशिश है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी ईबी का कार्य पूरा किया जा सके.
समस्या आने पर बीएलओ से संपर्क कर समाधान
बीडीओ ने बताया कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर स्थानीय बीएलओ से संपर्क किया जा रहा है. बीएलओ के सहयोग से समस्याओं का त्वरित समाधान कर मैपिंग का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को भौतिक सत्यापन और मैपिंग का कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने की हिदायत दी.
लापरवाही या त्रुटि मिली तो कार्रवाई तय
बीडीओ ने कर्मियों को ईबी मैपिंग कार्य की संवेदनशीलता और महत्व से अवगत कराते हुए स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान लापरवाही बरतने अथवा किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए