बरुआरी स्टेशन पर वैशाली व जोगबनी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग तेज

Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 04 Jun 2026 5:34 PM

विज्ञापन

दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही है

विज्ञापन

– प्रतिनिधिमंडल ने सांसद दिलेश्वर कामैत को सौंपा ज्ञापन

सुपौल.

गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस एवं जोगबनी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सांसद दिलेश्वर कामैत से उनके आवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद सदस्य कुमार रजनीश सिंह, पैक्स अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ‘गुंजन’ व पेंशनर समाज बरुआरी शाखा के अध्यक्ष सुरेश्वर प्रसाद सिंह शामिल थे.

लोग आंखों के इलाज के लिए जाते हैं नेपाल

प्रतिनिधिमंडल की ओर से बताया गया कि बरुआरी रेलवे स्टेशन पर दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही है. जिला परिषद सदस्य कुमार रजनीश सिंह ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी सांसद तथा रेलवे के वरीय अधिकारियों को पत्र और ई-मेल के माध्यम से जनहित में दोनों ट्रेनों के ठहराव की मांग भेजी थी. उन्होंने बताया कि गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन से सुपौल, सहरसा और मधेपुरा जिले के बड़ी संख्या में ग्रामीण यात्री रेल यात्रा करते हैं. इस क्षेत्र के लोग रोजगार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए बड़ी संख्या में दिल्ली जाते हैं, वहीं कई लोग आंखों के इलाज के लिए नेपाल भी यात्रा करते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि वे यात्री परामर्शदात्री समिति (एससीसी) के सदस्य हैं तथा 11 दिसंबर 2025 को गढ़ बरुआरी में आयोजित एससीसी की बैठक में भी दोनों ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव पारित कर रेलवे के उच्चाधिकारियों को भेजा गया था.

सांसद ने इस मांग को पूरा कराने का दिया था आश्वासन

पेंशनर समाज बरुआरी शाखा के अध्यक्ष सुरेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि पेंशनर समाज की एक बैठक में सांसद महोदय भी उपस्थित थे. सभी सदस्यों ने एक स्वर में दोनों ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई थी. उस समय सांसद ने इस मांग को पूरा कराने का आश्वासन दिया था.

वहीं पैक्स अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ‘गुंजन’ ने बताया कि उन्होंने भी कई बार व्यक्तिगत रूप से सांसद से दोनों ट्रेनों के ठहराव के लिए अनुरोध किया था. उन्होंने कहा कि आज का उद्देश्य सांसद को इस जनहित की मांग की पुनः याद दिलाना था. प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि उन्हें जनता से किया गया अपना वादा याद है और इस संबंध में रेलवे को पत्र भी भेजा जा चुका है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले एक-दो महीनों के भीतर कम से कम वैशाली एक्सप्रेस का ठहराव गढ़ बरुआरी स्टेशन पर सुनिश्चित हो सकता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि वैशाली एक्सप्रेस और जोगबनी एक्सप्रेस का ठहराव बरुआरी स्टेशन पर शुरू हो जाता है तो इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी व आवागमन की सुविधाएं और अधिक सुलभ हो जाएंगी.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन