सीवान के जीरादेई में डीएम ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के पैतृक आवास का किया निरीक्षण, लंबित कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश

Updated:
विज्ञापन

बैठक को सम्बोधित करतर जिलाधिकारी व अन्य

जीरादेई में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद के पैतृक आवास परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने पुरातत्व विभाग के कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया. डीएम ने अधिकारियों संग बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं पर भी चर्चा की.

विज्ञापन

Jiradei Inspection: जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने शनिवार को जीरादेई स्थित देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद के पैतृक आवास परिसर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने पुरातत्व विभाग के कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के साथ लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

डॉ. राजेंद्र प्रसाद का पैतृक स्थल संरक्षित करने पर जोर

डीएम ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद देश ही नहीं, बल्कि विश्व की धरोहर हैं. उनके पैतृक स्थल का संरक्षण और विकास सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने परिसर में चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.

प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों के साथ की बैठक

इसके बाद डीएम ने प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इसमें क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गयी.

बीडीओ धीरज कुमार दुबे ने प्रखंड की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों के साथ सरकारी योजनाओं की स्थिति से डीएम को अवगत कराया.

समय पर कार्यालय पहुंचने का दिया निर्देश

डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें. योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना अधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी है. इसके लिए नियमित निगरानी भी जरूरी है.

जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं डीएम के सामने रखीं.

उपप्रमुख अनिल कुमार सिंह ने पांच वर्षों से निर्माणाधीन मझवलिया पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की. वहीं, बीडीसी दशरथ खरवार ने विजयीपुर मध्य विद्यालय के भवन निर्माण की मांग रखी.

तीतिर स्तूप के विकास की उठी मांग

तीतीरा मुखिया प्रतिनिधि नबाब अंसारी ने देश-विदेश से पर्यटकों और शोधार्थियों के पहुंचने वाले तीतिर स्तूप के विकास की मांग रखी.

वहीं, बीडीसी दीपक यादव और पैक्स अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की पत्नी के नाम से स्थापित आयुर्वेदिक अस्पताल के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण की मांग की.

लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों की सभी मांगों को गंभीरता से सुना. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

मौके पर प्रखंड प्रमुख पुष्पा देवी, एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता, सीओ अमजल अंसारी सहित प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: बिहार BPSC TRE 4 फॉर्म कैसे भरें? जानिए रजिस्ट्रेशन से लेकर फीस पेमेंट की पूरी प्रोसेस


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन