दो माह से वेतन का इंतजार, सीवान के सफाई कर्मचारियों ने दी काम बंद करने की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन

उप मुख्य पार्षद के समक्ष समस्या रखते सफाई कर्मचारी

सीवान नगर परिषद के सफाई कर्मचारी दो महीने से वेतन न मिलने से बेहद परेशान हैं. आर्थिक संकट झेल रहे कर्मचारियों ने जल्द भुगतान न होने पर काम बंद करने की चेतावनी दी है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.

विज्ञापन

Siwan Nagar Parishad: नगर परिषद सीवान के सफाई कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी परेशानी बढ़ गयी है. वेतन भुगतान की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी से मिलने पहुंचे, लेकिन उनके कार्यालय में मौजूद नहीं रहने के कारण कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गयी. इसके बाद कर्मचारियों ने उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता और वार्ड पार्षद जयप्रकाश गुप्ता से मुलाकात कर अपनी समस्या बतायी.

आपके शहर में

विज्ञापन

सफाई कर्मचारियों ने बताया कि वे नियमित रूप से काम कर शहर की सफाई व्यवस्था को संभाल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है. वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार का खर्च चलाने में काफी परेशानी हो रही है. रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है.

वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट

कर्मचारियों ने कहा कि समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण कई परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है. कर्मचारियों ने नगर परिषद प्रशासन से लंबित वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग की.

एजेंसी के कर्मचारियों के भुगतान पर उठाये सवाल

सफाई कर्मचारियों का कहना था कि नगर परिषद में काम करने वाली एजेंसी के कर्मचारियों का भुगतान पहले किया जा रहा है, जबकि उन लोगों का वेतन लंबित है. कर्मचारियों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब वे लोग लगातार शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, तो उनके वेतन भुगतान में देरी क्यों की जा रही है.

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दो माह के लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे काम बंद करने को मजबूर होंगे. ऐसी स्थिति में शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.

उप मुख्य पार्षद ने दिया समाधान का भरोसा

सफाई कर्मचारियों ने उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता से मांग की कि उनकी वेतन संबंधी समस्या को नगर परिषद के अधिकारियों के समक्ष रखा जाए और जल्द समाधान कराया जाए. उप मुख्य पार्षद ने कर्मचारियों को उनकी समस्या अधिकारियों तक पहुंचाने और समाधान के लिए पहल करने का भरोसा दिया.

सफाई कर्मचारी मुख्य पार्षद से भी मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनके कार्यालय में मौजूद नहीं रहने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी. कर्मचारियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द लंबित दो माह के वेतन का भुगतान किया जाए, ताकि उनके परिवारों के सामने उत्पन्न आर्थिक संकट दूर हो सके.

Also Read: नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार ने कराया रेस्क्यू, आधी रात पटना लाया गया


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन