सीवान: आरएएमपी योजना के तहत उद्यमियों को मिला प्रशिक्षण, उद्योग विस्तार और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

योजना की जानकारी देते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
सीवान में विश्व बैंक वित्तपोषित RAMP योजना के तहत उद्यमियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के उद्यमियों को आत्मनिर्भर और सफल व्यवसायी बनाना है. प्रशिक्षण में उन्हें व्यवसाय संचालन, क्षमता निर्माण और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई.
सीवान: जिले के उद्यमियों को आत्मनिर्भर और सफल व्यवसायी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को विश्व बैंक वित्तपोषित आरएएमपी (RAMP) योजना के तहत उद्यमिता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों को व्यवसाय संचालन, क्षमता निर्माण और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं.
महाप्रबंधक ने बताई सरकार की औद्योगिक योजनाएं
प्रशिक्षण सत्र में जिला उद्योग केंद्र, सीवान के महाप्रबंधक विवेक कुमार ने उद्यमियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आरएएमपी योजना का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को मजबूत बनाना, उद्यमियों की क्षमता का विकास करना और उन्हें प्रतिस्पर्धी तथा आत्मनिर्भर बनाना है.
व्यवसाय प्रबंधन और वित्तीय संसाधनों पर मिला मार्गदर्शन
महाप्रबंधक विवेक कुमार ने उद्यमियों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग, उद्योग विस्तार और आधुनिक व्यावसायिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला उद्योग केंद्र की ओर से उद्यमियों को हरसंभव मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.
उद्यमियों ने बताया उपयोगी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में शामिल उद्यमियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यवसाय को नई दिशा देने, प्रबंधन क्षमता बढ़ाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी. उन्होंने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने की भी आवश्यकता जताई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










