सीवान में पांच घंटे गुल रही बिजली, शिकायत के बाद भी नहीं जागा विभाग

Updated:
विज्ञापन

मैरवा विद्युत शक्ति केंद्र | Prabhat Khabar Network

सीवान के मैरवा प्रखंड और नगर क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज से उपभोक्ता परेशान हैं। रविवार रात नई बाजार में फ्यूज उड़ने के बाद घंटों बिजली बहाल नहीं हुई, जिससे लोग गर्मी में परेशान रहे।

विज्ञापन

Power failure in Siwan : सीवान में मैरवा प्रखंड सहित नगर क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है. रविवार की रात नई बाजार इलाके में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिला. उमस भरी गर्मी के बीच रात करीब 12 बजे के बाद नई बाजार में बिजली का फ्यूज उड़ गया. इसके बाद स्थानीय लोग बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

मानव बल ने फ्यूज जोड़ने से किया इनकार

रात करीब दो बजे स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के मानव बल को फोन कर फ्यूज जोड़ने का आग्रह किया. आरोप है कि मानव बल ने अकेले फ्यूज जोड़ने से इनकार कर दिया और फोन काट दिया. इसके बाद लोगों ने बिजली विभाग के एसडीओ को कई बार फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा.

जेई ने सीवान में पेट्रोलिंग का दिया हवाला

परेशान लोगों ने जेई से संपर्क किया. जेई ने खुद के सीवान में पेट्रोलिंग में होने की बात कही. उन्होंने 33 हजार लाइन बंद होने का भी हवाला दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवान में महावीरी मेला को लेकर दोपहर से रात करीब 11:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही थी.

आपूर्ति बहाल होने के बाद भी फ्यूज की समस्या नहीं हुई दूर

लोगों के अनुसार, आपूर्ति बहाल होने के बाद नई बाजार समेत अन्य इलाकों में बिजली व्यवस्था सुचारू है या नहीं, इसकी निगरानी नहीं की गई. नतीजा यह रहा कि बिजली आने के बावजूद फ्यूज की समस्या के कारण नई बाजार के लोगों को घंटों अंधेरे और उमस भरी गर्मी में रहना पड़ा.

बच्चों और बुजुर्गों को हुई परेशानी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के पदाधिकारी और कर्मी केवल आपूर्ति चालू करने तक ही सीमित रह गए हैं. फॉल्ट होने के बाद उसे समय पर ठीक कराने और उपभोक्ताओं की शिकायत सुनने की व्यवस्था कमजोर है. करीब पांच घंटे तक बिजली बाधित रहने से बच्चों, बुजुर्गों और दुकानदारों को काफी परेशानी हुई. लोगों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार, शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई और रात में फॉल्ट ठीक करने के लिए पर्याप्त मानव बल की व्यवस्था करने की मांग की है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन