सीवान: कचरा उठाने के लिए 35 लाख में खरीदे गये 15 ई-रिक्शा, अधिकांश में जंग लगी, टायर व बैट्री भी गायब

Updated:
विज्ञापन

एक ही जगह पर खड़े रहने से कबाड़ बना इ-रिक्शा

सीवान जिले में 35 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए 15 ई-रिक्शा कबाड़ बनते जा रहे हैं. लाखों की बर्बादी के बीच नगर पंचायत लाखों रुपये एजेंसी को दे रही है. जानें क्या है पूरा मामला.

विज्ञापन

Garbage Collection E-Rickshaw : सीवान जिले में घर-घर से कचरा उठाने के लिए महाराजगंज नगर पंचायत की ओर से खरीदे गये ई-रिक्शा जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण कबाड़ में तब्दील होते जा रहे हैं. नगर पंचायत के सभी 14 वार्डों से गीला एवं सूखा कचरा उठाने के लिए वर्ष 2021 में करीब 30 से 35 लाख रुपये की लागत से 15 ई-रिक्शा खरीदे गये थे. लेकिन, जिस उद्देश्य से इनकी खरीदारी की गयी थी, वह पूरा नहीं हो सका. वर्तमान में अधिकांश ई-रिक्शा उपयोग के बजाय खड़े-खड़े धूल फांक रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

खुले आसमान के नीचे खड़े ई-रिक्शा

स्थिति यह है कि एक ई-रिक्शा वार्ड संख्या छह निवासी सह नगर पंचायत के सफाईकर्मी टुनटुन प्रसाद के घर के सामने खड़ा है. कई ई-रिक्शा में जंग लग चुका है. लंबे समय से उपयोग में नहीं आने के कारण इनके टायर भी जर्जर हो गये हैं. वहीं, कई वाहनों की बैट्री भी गायब हो चुकी है. ई-रिक्शों की वारंटी अवधि भी समाप्त हो चुकी है.

एजेंसी के माध्यम से हो रही सफाई

एक पार्षद ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में एजेंसी के माध्यम से ट्रैक्टर, ठेला और सफाई कर्मियों के सहारे सफाई करायी जा रही है. इसके एवज में कचरा उठाव के लिए लाखों रुपये का भुगतान भी किया जाता है. ऐसे में अलग से ई-रिक्शा खरीदने का औचित्य समझ से परे है.

प्रशिक्षित चालक नहीं थे, फिर भी हुई खरीदारी

बताया जाता है कि नगर पंचायत के पास ई-रिक्शा चलाने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित चालक भी उपलब्ध नहीं थे. ऐसे में लाखों रुपये खर्च कर एकमुश्त ई-रिक्शा खरीदने के निर्णय पर सवाल उठ रहे हैं. खरीदारी के बाद इनका नियमित संचालन नहीं होने से अब लाखों रुपये के वाहन कबाड़ में बदलने की स्थिति में पहुंच गये हैं.

जर्जर ठेलों के कारण खुले में फेंक रहे कचरा

नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की स्थिति भी बेहतर नहीं है. एजेंसी के माध्यम से इस्तेमाल किये जा रहे अधिकांश ठेले जर्जर हो चुके हैं. कई ठेले टूट जाने के कारण सफाई कर्मियों को कचरा उठाने में परेशानी हो रही है. इसका असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है और लोग मजबूरी में खुले स्थानों पर कचरा फेंक रहे हैं. इससे शहर में जगह-जगह कचरे का ढेर लग रहा है.

ई-रिक्शों के इस्तेमाल की ली जायेगी जानकारी

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने कहा कि ई-रिक्शों के इस्तेमाल में दिक्कत होने की जानकारी ली जायेगी. जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन