सीवान के सोहगरा पैक्स की समिति छह माह के लिए भंग, नये जमा पर लगी रोक

Updated:
विज्ञापन
फोटो.जिला सहकारिता कार्यालय सीवान | Prabhat Khabar Network

जिला सहकारिता कार्यालय सीवान

गुठनी के सोहगरा पैक्स में जमाकर्ताओं की राशि वापस नहीं करने पर जिला सहकारिता पदाधिकारी ने प्रबंधकारिणी समिति को छह माह के लिए भंग कर दिया.

विज्ञापन

सीवान:(विवेक कुमार सिंह) गुठनी प्रखंड के सोहगरा पैक्स में जमाकर्ताओं की राशि वापस नहीं करने के मामले में जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरभ कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है. उन्होंने सोहगरा पैक्स की प्रबंधकारिणी समिति को छह माह के लिए भंग कर दिया है. साथ ही पैक्स में किसी भी तरह की नयी जमा राशि स्वीकार करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गयी है.

सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को बनाया गया प्रशासक

पैक्स के कामकाज के संचालन और निगरानी के लिए सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, गुठनी चिंतेश कुमार बैठा को प्रशासक नियुक्त किया गया है. अब वे पैक्स की गतिविधियों की निगरानी करेंगे और विभागीय निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.

फिक्स्ड डिपॉजिट की राशि नहीं लौटाने का मामला

जिला सहकारिता पदाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पटना हाइकोर्ट में दायर एक मामले की सुनवाई के दौरान सोहगरा पैक्स में जमाकर्ताओं की राशि वापस नहीं किये जाने का मामला सामने आया. बताया गया कि कई लोगों ने पैक्स में फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में राशि जमा की थी. निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी जमाकर्ताओं को उनकी राशि वापस नहीं मिली.

जमाकर्ताओं की शिकायत के आधार पर 26 दिसंबर 2024 को गुठनी थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गयी थी.

निर्देश के बाद भी नहीं लौटायी गयी राशि

आदेश में बताया गया है कि इससे पहले 20 मई को पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक को जमाकर्ताओं की राशि लौटाने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद 28 जुलाई तक निर्देश का अनुपालन नहीं किया गया.

इस मामले में समिति के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा, प्रबंधक विंध्याचल शर्मा और उप सहायक प्रबंधक विनोद कुमार के खिलाफ पहले से प्राथमिकी दर्ज है.

जमाकर्ताओं के हितों की अनदेखी का आरोप

जिला सहकारिता पदाधिकारी ने कहा कि प्रबंधकारिणी समिति ने अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया और जमाकर्ताओं के हितों की अनदेखी की. विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए समिति को छह माह के लिए भंग करने का निर्णय लिया है.

नयी जमा राशि लेने पर पूरी तरह रोक

आदेश के अनुसार, अब सोहगरा पैक्स में किसी भी प्रकार की नयी जमा राशि स्वीकार नहीं की जायेगी. हालांकि, पैक्स द्वारा पूर्व में दिये गये ऋण की वसूली का काम जारी रहेगा. ऋण की वसूली से प्राप्त राशि से जमाकर्ताओं की बकाया राशि लौटाने का निर्देश दिया गया है.

ऋण वसूली में तेजी लाने का निर्देश

विभाग ने प्रबंधक को ऋण वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है. जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस की मदद लेने को भी कहा गया है. प्रशासक चिंतेश कुमार बैठा अब पैक्स के कार्यों की निगरानी करते हुए जमाकर्ताओं की राशि वापस करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ायेंगे.

जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरभ कुमार ने उम्मीद जतायी है कि विभागीय कार्रवाई के बाद जमाकर्ताओं की राशि लौटाने की प्रक्रिया में तेजी आयेगी और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.

वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन