सीवान में चोरों का आतंक, एक ही रात दो घरों में भीषण चोरी, नकदी-गहने सहित विदेशी करेंसी तक ले उड़े चोर

Updated:
विज्ञापन
Siwan News

चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान

Siwan News: सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो घरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. नकदी,सोने-चांदी के गहने, विदेशी करेंसी और कीमती सामान समेत साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आई है.

विज्ञापन

सीवान से अरविंद कुमार सिंह की रिपोर्ट
Siwan News:
सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी दरगाह स्थित अंबेडकर नगर में चोरों ने एक ही रात दो घरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी. नकदी, सोने-चांदी के गहने, विदेशी करेंसी और कीमती सामान समेत साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आई है. घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है.

छत तोड़कर घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार चोरों ने शिक्षक मेघनाथ राम और प्रेमचंद राम के घर को निशाना बनाया. चोर आगे के रास्ते से छत पर पहुंचे और ऊपर लगे गेट के एस्बेस्टस को तोड़ दिया. इसके बाद छत का गेट खोलकर घर के आंगन में उतर गए. घर में प्रवेश करते ही चोरों ने चार कमरों के ताले काट डाले और अंदर रखी आलमारी तथा बक्सों को खंगालना शुरू कर दिया.

नकदी, सोने के गहने और सऊदी रियाल तक ले गए बदमाश

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर एक लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, कीमती कपड़े, तांबे के बर्तन, सऊदी अरब के 1500 रियाल और एक कीमती सोने का हार समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए. चोरी की वारदात का पता सुबह चलने पर परिवार के होश उड़ गए.

दूसरे घर में भी बोला धावा

चोरों ने उसी गांव की रहने वाली सुनीता देवी के घर को भी निशाना बनाया. बताया गया कि बदमाश मेन गेट खोलकर घर के अंदर घुसे और एक कमरे से 10 हजार रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए. लगातार दो घरों में चोरी की घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है.

सुनियोजित तरीके से हुई वारदात

पीड़ित परिवारों का कहना है कि चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया. जिस तरह से छत तोड़कर घर में प्रवेश किया गया और अलग-अलग कमरों के ताले काटे गए, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों को घर की पूरी जानकारी थी. घटना के बाद गांव के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके. घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

ग्रामीणों ने उठाई रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और सक्रिय चोर गिरोह को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं आगे भी हो सकती हैं.

पुलिस का दावा

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है और जल्द ही चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है.

Also Read: सीवान में शहजाद अली हत्याकांड में बड़ा एक्शन, फरार आरोपियों के घरों की होगी कुर्की-जब्ती, पुलिस ने चस्पा किया इश्तेहार

विज्ञापन
साक्षी कुमारी

लेखक के बारे में

By साक्षी कुमारी

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन