सीवान: भाई को ट्रेन पकड़ाकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी पुलिस
रोड एक्सीडेंट फाइल फोटो
सीवान में भाई को ट्रेन पर बैठाकर लौट रहे संदीप कुमार चौरसिया की चांप गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई. एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सराय थाना क्षेत्र के चांप गांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप शनिवार की सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान आंदर थाना क्षेत्र के बलई गांव निवासी स्वर्गीय सियाराम चौरसिया के पुत्र संदीप कुमार चौरसिया के रूप में हुई है.
आपके शहर में
भाई को ट्रेन पर बैठाने सीवान जंक्शन पहुंचा था संदीप
बताया जाता है कि संदीप शनिवार की सुबह अपने भाई को ट्रेन पर बैठाने के लिए बाइक से सीवान जंक्शन पहुंचा था. हालांकि, उसके जंक्शन पहुंचने तक सीवान-समस्तीपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रवाना हो चुकी थी. ट्रेन छूट जाने के बाद संदीप अपने भाई को बाइक से लेकर छपरा के लिए निकल गया.
छपरा जंक्शन पर अपने भाई को छोड़ने के बाद वह बाइक से वापस सीवान लौट रहा था. इसी दौरान चांप गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
घटनास्थल पर ही युवक की मौत
वाहन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि संदीप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गयी.
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही संदीप के परिजनों में कोहराम मच गया. भाई को ट्रेन पर बैठाने के लिए घर से निकले संदीप की सड़क हादसे में मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है.
अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी पुलिस
सराय थाना पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य माध्यमों से वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में बिना सुरक्षा के टंकी में उतरना पड़ा भारी: जहरीली गैस की चपेट में आने से 4 की मौत, 1 गंभीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए