सीवान के मैरवा में स्कूली विवाद के बाद छात्र के अपहरण व मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों ने दर्ज कराया केस
सेमरा गांव के घायल लडके को देखने के लिए भीड़
मैरवा थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रों के बीच का विवाद अब अपहरण और मारपीट तक पहुँच गया है. एक छात्र को कोचिंग जाते समय कथित तौर पर पकड़कर पीटने और बंधक बनाने का आरोप है. दोनों पक्षों द्वारा केस दर्ज कराने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Student Kidnapping: मैरवा थाना क्षेत्र के झझवा इंगलिश गांव में स्कूली छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ दिनों बाद गंभीर रूप ले लिया. पहले स्कूल के बाहर छात्रों के बीच मारपीट हुई थी. बाद में मामला शांत हो गया था. इसी बीच एक छात्र के अपहरण कर मारपीट करने और बंधक बनाने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
आपके शहर में
छात्र को कोचिंग जाते समय पकड़ने का आरोप
मामले में सेमरा गांव निवासी कन्हैया राम ने मैरवा थाने में दो नामजद सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ आवेदन दिया है. अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को स्कूल में छात्रों के बीच आपसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था. बाद में मामला शांत हो गया था.
कन्हैया राम का आरोप है कि 24 अगस्त को अशरफ अली के पुत्र इसरार खान और रेहान खान अपने साथियों के साथ उनके पुत्र अंकित कुमार को कोचिंग जाने के दौरान पकड़ लिया. इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए शीतलपुरा मोड़ के पास ले जाकर बंधक बना लिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सामने भी पुत्र के साथ मारपीट की गयी.
दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप
वहीं दूसरे पक्ष के अशरफ अंसारी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके गांव की एक लड़की पर सेमरा और नोनिया टोला गांव के कुछ लड़के गलत टिप्पणी कर रहे थे. उनके पुत्र ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई.
अशरफ अंसारी ने इस मामले में सात नामजद सहित करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है.
दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर 28 अगस्त को अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अलग-अलग आरोप लगाये गये हैं. पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच में जुट गयी है.
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए