पूरी तरह से चढ़े बली, झूले और मीना बाजार से गुलज़ार रहे सीवान के भगवानपुर का खेड़वा मेला!
खेड़वा मां काली मंदिर परिसर में उमड़ी
Siwan Khedwa Fair: सीवान के भगवानपुर हाट में खेड़वा पंचायत स्थित मां काली मंदिर में दो दिवसीय ऐतिहासिक मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. हजारों श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया, जबकि झूले और मौत का कुआं आकर्षण का केंद्र बने रहे.
Siwan Khedwa Fair: भगवानपुर हाट प्रखंड की खेड़वा पंचायत स्थित प्रसिद्ध मां काली मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक खेड़वा मेला शुक्रवार और शनिवार को श्रद्धा, उत्साह तथा प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. मेले में भगवानपुर हाट, बसंतपुर, महाराजगंज सहित आसपास के कई प्रखंडों एवं जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे. दोनों दिनों तक मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहा.
आपके शहर में
मां काली के दर्शन को लगी लंबी कतार
शुक्रवार की सुबह से ही मां काली के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई. जिन श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी हुई थीं, उन्होंने पारंपरिक मान्यता के अनुसार मां काली को बली अर्पित कर अपनी आस्था व्यक्त की. पूरे दिन मंदिर परिसर में पूजा-पाठ, जयकारों और धार्मिक माहौल का वातावरण बना रहा.
झूले और मौत का कुआं बना आकर्षण
मेले में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के झूले आकर्षण का केंद्र बने रहे. वहीं मौत का कुआं देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही. मीना बाजार में महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की. इसके अलावा होटल, मिठाई, खिलौने, श्रृंगार सामग्री तथा अन्य अस्थायी दुकानों पर दिनभर अच्छी भीड़ रही. देर शाम तक मेला क्षेत्र लोगों की चहल-पहल से भरा रहा.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनीता सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमन, बसंतपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राम, भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस बल लगातार मेला क्षेत्र में तैनात रहे. मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई.
यातायात व्यवस्था रही सुचारु
यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा गया. वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रही और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं. स्वास्थ्य विभाग, बिजली, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की भी समुचित व्यवस्था रहने से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.
दूसरे दिन भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शनिवार को भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही. दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और मेले की रौनक जारी रही. शाम होते-होते श्रद्धालु अपने-अपने घर लौटने लगे और प्रशासन की निगरानी में मेला शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो गया.
आयोजन समिति ने प्रशासन की सराहना की
मेले के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रशासन की सतर्कता और बेहतर व्यवस्था की सराहना की. अधिकारियों ने भी सभी विभागों, पुलिस बल, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए