सीवान के आदर्श विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई पर अब अफसरों की नजर, हर सप्ताह होगी कक्षा की जांच
वीएम हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज
सीवान के सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में NEET और JEE की ऑनलाइन कक्षाओं की नियमित निगरानी के लिए जिला स्तर से अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. ये अधिकारी प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक बार विद्यालय का निरीक्षण करेंगे और कक्षाओं का मूल्यांकन करेंगे.
Siwan Adarsh School Online Classes: जिले के सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में संचालित Classes, NEET और JEE की ऑनलाइन कक्षाओं की अब नियमित निगरानी होगी. जिला स्तर से जारी निर्देश के तहत प्रखंडों के वरीय प्रभारी और जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों को अलग-अलग आदर्श विद्यालयों की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. संबंधित पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक बार आवंटित विद्यालय का निरीक्षण करेंगे और एक कक्षा में अध्यापन कार्य भी करेंगे.
आपके शहर में
नामांकन और उपस्थिति का होगा मिलान
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारी विद्यालय में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या, पंजी में दर्ज उपस्थिति और छात्र-छात्राओं की वास्तविक भौतिक उपस्थिति का मिलान करेंगे. इसके साथ ही ऑनलाइन कक्षाओं के नियमित संचालन, विद्यार्थियों की सहभागिता और निर्धारित अन्य बिंदुओं की भी जांच की जाएगी.
निरीक्षण पूरा होने के बाद संबंधित पदाधिकारी को सभी बिंदुओं पर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराना होगा.
डीएम और डीडीसी समेत कई अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
जारी सूची के अनुसार जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा को सीवान सदर के वीएम हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज की जिम्मेदारी दी गयी है. वहीं उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह को डीएवी हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज सीवान से संबद्ध किया गया है.
अपर समाहर्ता प्रमोद कुमार राम को एसवीएस उच्च विद्यालय अमलोरी तथा अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी इस्ताक अली अंसारी को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बडरम, हुसैनगंज की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
इन अधिकारियों को भी मिली विद्यालयों की जिम्मेदारी
अनुमंडल पदाधिकारी सीवान आशुतोष गुप्ता को केएमबी हाई स्कूल धनावती मठ, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सीमा कुमारी को गंडक उच्च विद्यालय तरवारा, जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार को मधुसूदन उच्च विद्यालय छितौली तथा जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह को राजबंशी देवी हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज ठेपहां से संबद्ध किया गया है.
इसी तरह जिले के अन्य प्रखंडों में स्थित आदर्श विद्यालयों के लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी महाराजगंज सहित विभिन्न जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गयी है.
हर सप्ताह कम से कम एक बार करना होगा निरीक्षण
निर्देश में सभी संबद्ध पदाधिकारियों को अपने-अपने विद्यालय का प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक बार निरीक्षण और अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया है. इस दौरान अधिकारी एक कक्षा में अध्यापन कार्य भी करेंगे.
इस व्यवस्था का उद्देश्य आदर्श विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाओं की नियमितता बनाए रखना, विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति की निगरानी करना और पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करना है.
इसे भी पढ़ें:सारण में गंगा का रौद्र रूप: दिघवारा के अकिलपुर पंचायत के 8 गांव बाढ़ में डूबे, सड़क से घर तक पानी ही पानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए