सीवान: सरपंच व चर्चित यूट्यूबर विनोद कुशवाहा का अंतिम संस्कार, दो दिन में जांच पूरी करने का पुलिस ने दिया भरोसा

पुलिस से वार्ता करते पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा और अन्य
बड़हरिया के सरपंच व YouTuber विनोद कुशवाहा की गाजीपुर में संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है. पुलिस ने दो दिनों में मामले के खुलासे का भरोसा दिया.
Siwan News: बड़हरिया प्रखंड की हरदोबारा पंचायत के सरपंच और चर्चित यूट्यूबर विनोद कुशवाहा की उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा दो दिनों के भीतर मामले के उद्भेदन का भरोसा दिये जाने के बाद गुरुवार को उनके पैतृक गांव बभनबारा के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया. अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम पुलिस ने परिजनों को सूचना दी थी कि विनोद कुशवाहा का शव गाजीपुर जिले के राजवाड़ी-औड़िहार रेलवे ट्रैक के समीप एक पेड़ से लटका मिला है. इसके बाद बुधवार की रात गाजीपुर सदर अस्पताल में पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार की भोर में शव पैतृक गांव बभनबारा पहुंचा.
एसपी को बुलाने और एसआइटी गठन की मांग पर अड़े थे परिजन
शव गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में कोहराम मच गया. परिजनों ने पुलिस प्रशासन के सामने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया. वे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसपी को मौके पर बुलाने और विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित करने की मांग कर रहे थे.
दोपहर बाद मौके पर पहुंचे सांसद पति सह पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा, विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल और विधायक भीष्म प्रताप कुशवाहा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की. अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया. इसके बाद परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए.
सीडीआर से जांच में तेजी लाने की बात
थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने परिजनों को आश्वस्त किया कि गुरुवार शाम तक मृतक के मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) उपलब्ध हो जायेगा. इससे पुलिस को मामले की जांच आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. उन्होंने परिजनों से हत्या की आशंका को लेकर आवेदन देने का भी आग्रह किया.
थानाध्यक्ष ने कहा कि परिजन किसी व्यक्ति को नामजद करते हुए भी आवेदन दे सकते हैं या सामान्य रूप से हत्या का मामला दर्ज करने के लिए आवेदन कर सकते हैं. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी.
परिजनों ने लगाया हत्या कर शव लटकाने का आरोप
विनोद कुशवाहा के परिजनों ने उनकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जतायी है. बड़े भाई रामा कुशवाहा ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत विनोद को बुलाकर ले जाया गया और हत्या करने के बाद शव को फंदे से पेड़ पर लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके.
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है. मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
परिजनों ने यह भी दावा किया कि विनोद कुशवाहा के मोबाइल पर अब भी रिंग जा रही है और उसकी लोकेशन सारनाथ क्षेत्र में मिल रही है. हालांकि, फोन किसी के द्वारा रिसीव नहीं किये जाने की बात भी परिजनों ने कही है.
पंचायत चुनाव में मुखिया पद पर लड़ने की थी तैयारी
बताया जाता है कि विनोद कुशवाहा ने आगामी पंचायत चुनाव में मुखिया पद से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. वे सामाजिक मुद्दों और भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर रहते थे तथा इन मुद्दों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर बनाकर लोगों तक पहुंचाते थे.
परिजनों के अनुसार, विनोद पर पहले भी हमले हो चुके थे और इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गयी थी. इसी वजह से परिजन उनकी मौत को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं और पूरे मामले की गहन जांच की मांग कर रहे हैं.
‘न निर्दोष फंसे, न दोषी बचे’
जदयू नेता और पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए. किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाना चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
अंतिम संस्कार के मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह उर्फ जीशू सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष महादेव पासवान, रालोमो नेता हेमंत कुशवाहा, रिजवान अहमद अंसारी, भाजपा नेता अनुरंजन मिश्र, जिला पार्षद विनोद सिंह, रामदुलार वर्मा, जदयू नेता नागेंद्र सिंह, गुड्डू सिंह, पैक्स अध्यक्ष संतोष यादव, सरपंच संघ अध्यक्ष झगरु यादव, उपाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, हाजी नूर आलम, भृगुनाथ साह, यूनुस अंसारी, जाकिर हुसैन, योगेंद्र सिंह, सुजीत साह, मुखिया फसीहुज्जमा, रामबाबू यादव और रामबालक सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
पुलिस के आश्वासन के बाद गुरुवार को बभनबारा स्थित श्मशान घाट पर विनोद कुशवाहा का अंतिम संस्कार कर दिया गया. अब परिजनों और ग्रामीणों की निगाह पुलिस जांच और मामले के खुलासे पर टिकी है.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











