सीवान के गोठी गांव में सियार ने महिला पर किया हमला, शौच के लिए निकली थी; काटने से गंभीर घायल
घायल महिला | Prabhat Khabar Network
गोठी गांव में पागल सियार के हमले से दहशत का माहौल है। सोमवार को शौच के लिए गई एक महिला पर सियार ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पिछले कुछ दिनों से यह सियार कई लोगों को काट चुका है।
Siwan News : आंदर थाना क्षेत्र के गोठी गांव में सोमवार को सियार ने शौच के लिए गयी एक महिला पर हमला कर दिया. सियार के काटने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीवान में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
शौच के लिए गांव से बाहर गयी थी महिला
ग्रामीणों के अनुसार, महिला शौच के लिए गांव के बाहर गयी थी. इसी दौरान अचानक सियार ने उस पर हमला कर दिया और उसे काटकर घायल कर दिया. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों के पहुंचने के बाद सियार वहां से भाग गया.
सियार के हमले में महिला के शरीर पर कई जगह जख्म हो गये. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
दो-तीन दिनों से गांव में घूम रहा सियार
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से एक सियार गांव में घूम रहा है. ग्रामीणों का दावा है कि वह कई लोगों को काटकर घायल कर चुका है. लगातार हो रहे हमलों के कारण गांव के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से सियार को पकड़ने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को उसके हमले से सुरक्षित रखा जा सके. फिलहाल घायल महिला का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए