मिशन लाइफ पोर्टल पर निजी स्कूलों की लापरवाही पर विभाग सख्त, 758 में सिर्फ 23 ने किया नोटिफिकेशन अपलोड

प्रतीकात्मक तस्वीर
Siwan News : समग्र शिक्षा विभाग ने मिशन लाइफ पोर्टल पर नोटिफिकेशन अपलोड न करने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. मात्र 23 स्कूलों ने प्रक्रिया पूरी की है, जबकि 758 में से अधिकांश लंबित हैं. विभाग ने सभी बीईओ को बैठक कर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं.
Siwan News : जिले के निजी विद्यालयों द्वारा Eco Clubs for Mission LiFE पोर्टल पर नोटिफिकेशन अपलोड करने में बरती जा रही लापरवाही पर समग्र शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) सैयद तारिक सज्जाद ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को निर्देश जारी करते हुए अभियान में तेजी लाने को कहा है.
758 में केवल 23 निजी विद्यालयों ने किया नोटिफिकेशन अपलोड
विभागीय समीक्षा में सामने आया है कि जिले के 758 निजी विद्यालयों में से अब तक केवल 23 विद्यालयों ने ही Eco Clubs for Mission LiFE पोर्टल पर नोटिफिकेशन अपलोड किया है. शेष अधिकांश विद्यालयों ने अब तक निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं की है, जिसे विभाग ने गंभीरता से लिया है.
सभी निजी विद्यालयों के लिए अनिवार्य है प्रक्रिया
जारी निर्देश में कहा गया है कि Eco Clubs for Mission LiFE अभियान के तहत सभी निजी विद्यालयों के लिए निर्धारित प्रारूप में पोर्टल पर नोटिफिकेशन अपलोड करना अनिवार्य है. इसके बावजूद अधिकांश विद्यालयों द्वारा विभागीय निर्देशों का पालन नहीं किया गया है.
बीईओ को बैठक आयोजित कर देने होंगे आवश्यक निर्देश
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और संचालकों की बैठक बुलाकर उन्हें पोर्टल पर नोटिफिकेशन अपलोड करने की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराएं. साथ ही नियमित निगरानी करते हुए शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं.
शिथिलता बर्दाश्त नहीं, सूची और प्रारूप भी भेजा गया
समग्र शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी. विभाग ने संबंधित अधिकारियों को लंबित निजी विद्यालयों की सूची और नोटिफिकेशन का निर्धारित प्रारूप भी उपलब्ध कराया है, ताकि विद्यालयों को प्रक्रिया पूरी करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो.
पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है अभियान का उद्देश्य
विभाग के अनुसार Eco Clubs for Mission LiFE अभियान का उद्देश्य सभी निजी विद्यालयों को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ना है. इसके माध्यम से विद्यालय स्तर पर पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मिशन लाइफ की अवधारणा को प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रयास किया जा रहा है.
Also Read : सावन में चलेगी बढ़नी-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन, मशरख और मढ़ौरा समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










