बिहार बंद के दौरान हिंसा मामले में सीवान से 102 गिरफ्तार, 2500 से अधिक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज

रविवार को जेपी चौक पर तैनात पुलिस
Siwan News : सीवान में बंद के दौरान हुई हिंसक झड़प और पथराव के मामले में पुलिस ने 102 लोगों को गिरफ्तार किया है। ढाई हजार से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
Siwan News : शहर में शनिवार को बंद के दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, इस मामले में ढाई हजार से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.
सीसीटीवी, ड्रोन और मोबाइल वीडियो से हो रही पहचान
पुलिस के अनुसार, बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जेपी चौक और गांधी मैदान के आसपास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई. इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी और पदाधिकारी घायल हो गए. हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी. घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में अभियान चलाकर 102 लोगों को गिरफ्तार किया. अन्य आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरे की रिकॉर्डिंग, मोबाइल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
तीन पदाधिकारियों के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में तीन अलग-अलग पदाधिकारियों के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस पर हमला करने, पथराव, सड़क जाम करने, कानून-व्यवस्था भंग करने समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसमें नामजद आरोपितों के साथ बड़ी संख्या में अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया है.
चेहरा ढककर हिंसा करने वालों की भी होगी पहचान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर एक-एक उपद्रवी की पहचान की जा रही है. जिन लोगों ने चेहरा ढककर हिंसा की, उनकी भी तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
घटना के बाद शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. प्रशासन ने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है. साथ ही कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
Also Read : 'जल जीवन हरियाली महोत्सव' की शुरुआत, 15 दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










