सीवान के मध्य विद्यालयों में 163 शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक की होगी नियुक्ति, 28 सितंबर से आवेदन

Updated:
विज्ञापन

AI से बनाई गई तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सीवान जिले के मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के 163 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया फिर से शुरू हो रही है। आवेदन 28 सितंबर से 13 अक्तूबर तक लिए जाएंगे।

विज्ञापन

Siwan News : सीवान जिले के मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया फिर शुरू होगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 19 सितंबर को जिले की विभिन्न नियोजन इकाइयों को पत्र जारी कर विभाग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है. जिले में कुल 163 पदों पर नियुक्ति की जानी है. चयनित अभ्यर्थियों को 20 नवंबर 2026 को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा.

विज्ञापन

28 सितंबर से 13 अक्तूबर तक जमा होगा आवेदन

विभागीय अधिसूचना संख्या 2665, दिनांक 11 सितंबर 2026 के आलोक में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जायेगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा विद्यालयवार रिक्त पदों को संबंधित नियोजन इकाई को कोटिवार रिक्ति के साथ जिले के एनआइसी पोर्टल पर भेजने की तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गयी है.

इसके बाद नियोजन इकाई द्वारा रिक्त पदों का एनआइसी पोर्टल पर प्रकाशन 28 सितंबर को किया जायेगा. योग्य अभ्यर्थी 28 सितंबर से 13 अक्तूबर तक निर्धारित विहित प्रपत्र में आवेदन जमा कर सकेंगे.

16 अक्तूबर को जारी होगी औपबंधिक मेधा सूची

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियोजन इकाई के सदस्य सचिव द्वारा 16 अक्तूबर को औपबंधिक मेधा सूची प्रकाशित की जायेगी. इसी दिन मेधा सूची को एनआइसी पोर्टल पर भी अपलोड किया जायेगा, ताकि अभ्यर्थी सूची देख सकें और आपत्ति दर्ज करा सकें.

अभ्यर्थियों को मेधा सूची पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 16 से 26 अक्तूबर तक का समय दिया गया है. प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण किया जायेगा.

31 अक्तूबर को जारी होगी अंतिम मेधा सूची

आपत्तियों के निराकरण के बाद नियोजन प्राधिकार द्वारा मेधा सूची को 31 अक्तूबर तक अंतिम रूप से अनुमोदित किया जायेगा. इसी दिन अंतिम मेधा सूची का एनआइसी पोर्टल पर प्रकाशन भी किया जायेगा.

इसके बाद जिला स्तर पर कैंप आयोजित कर मेधा क्रम के आधार पर अभ्यर्थियों को बुलाया जायेगा. कैंप में उनके प्रमाणपत्रों की प्रारंभिक जांच की जायेगी और चयन सूची तैयार की जायेगी.

4 नवंबर को कैंप, 5 नवंबर को चयन सूची

जिला स्तर पर आहूत कैंप में अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की प्रारंभिक जांच और चयन सूची तैयार करने की तिथि 4 नवंबर निर्धारित की गयी है. इसके अगले दिन यानी 5 नवंबर को कोटिवार रिक्ति के अनुसार चयन सूची का एनआइसी पोर्टल पर प्रकाशन किया जायेगा.

चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को 20 नवंबर 2026 को नियुक्ति पत्र वितरित किया जायेगा.

17 प्रखंडों की नियोजन इकाइयों को निर्देश

जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने आंदर, बड़हरिया, बसंतपुर, भगवानपुर, दरौली, दरौंदा, गोरेयाकोठी, गुठनी, हसनपुरा, हुसैनगंज, लकड़ीनबीगंज, महाराजगंज, पचरुखी, रघुनाथपुर, सिसवन, सीवान सदर एवं जीरादेई प्रखंड की संबंधित नियोजन इकाइयों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है.

सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को संबंधित नियोजन इकाई के सचिव को पत्र का तामिला कराने और समय-सारणी के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित कराने को कहा गया है. वहीं, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी को विभागीय अधिसूचना तथा नियोजन इकाईवार और कोटिवार रिक्ति को जिले की एनआइसी वेबसाइट पर अपलोड कराने का निर्देश दिया गया है.

आरक्षण रोस्टर के आधार पर होगी नियुक्ति

विभागीय निर्देश के अनुसार मेधा सूची का निर्माण निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप किया जायेगा. नियुक्ति के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा अनुमोदित आरक्षण रोस्टर के आधार पर नियोजन इकाईवार एवं कोटिवार रिक्ति तय की गयी है.

जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कैंप का निर्धारण जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जिला पदाधिकारी के परामर्श से किया जायेगा. कैंप में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम मेधा सूची और रोस्टर बिंदु को ध्यान में रखते हुए चयन सूची में शामिल किया जायेगा. नियुक्ति पत्र जारी करने से पहले चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की भी विभागीय प्रावधानों के अनुसार जांच की जायेगी.

क्यों फिर शुरू हुई नियुक्ति प्रक्रिया

पूर्व में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कुछ जिलों में अपरिहार्य कारणों से शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी. इसी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए विभाग की ओर से नया समय-सारणी और कैलेंडर जारी किया गया है. सीवान में भी इसी नयी समय-सारणी के अनुसार 163 रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जायेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन