सीवान: नहर किनारे टहल रही महिला को बाइक ने मारी टक्कर, सदर अस्पताल में मौत
मृतका के मायके चैन छपरा गांव में शोकाकुल परिजन | Prabhat Khabar Network
गुठनी के धनौती-जमुवाव मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला की गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
सीवान. गुठनी थाना क्षेत्र के धनौती-जमुवाव मुख्य मार्ग पर जमुवाव गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तत्काल मैरवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गयी.
मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के डरैला गांव निवासी जितेंद्र राम की पत्नी ममता देवी (38) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, ममता देवी अपने मायके चैन छपरा गांव गयी हुई थीं. शुक्रवार की देर शाम वह धनौती-जमुवाव नहर के समीप टहल रही थीं. इसी दौरान धनौती की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
बाइक सवार की लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर दर्जनों ग्रामीण पहुंच गये और आक्रोश जताया. ग्रामीणों का आरोप था कि बाइक सवार की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई. उन्होंने बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
ममता देवी की मौत की खबर मिलते ही डरैला गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. पति जितेंद्र राम और दोनों बेटे अमन व अनूप का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. उन्हें सांत्वना देने के लिए आसपास के ग्रामीणों के अलावा जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी उनके घर पहुंचे.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए