सीवान: 16,757 किसानों से खरीदे गए 96 हजार टन धान, अब तक जमा हुआ सिर्फ 59 हजार टन सीएमआर

Updated:
विज्ञापन

सीएमआर केंद्र | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत सीवान में खरीदे गए 96 हजार टन धान के एवज में केवल 59 हजार टन सीएमआर जमा हुआ है. सहकारिता विभाग ने 31 जुलाई तक शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

Siwan News : सीवान खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत अधिप्राप्त धान के समतुल्य शत-प्रतिशत सीएमआर (चावल) राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केंद्रों पर जमा कराने को लेकर सहकारिता विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग के सचिव दिवेश सेहरा ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर 31 जुलाई तक हर हाल में सीएमआर की शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

सीएमआर जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ी

सहकारिता विभाग के सचिव ने जारी पत्र में कहा है कि पहले सीएमआर जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 31 जुलाई कर दिया गया है. साथ ही स्पष्ट किया गया है कि भारत सरकार द्वारा धान की मिलिंग एवं सीएमआर जमा करने की समय-सीमा आगे बढ़ाए जाने की संभावना नहीं है. ऐसे में सभी जिलों को तय समय के भीतर लक्ष्य पूरा करना अनिवार्य होगा.

जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा का निर्देश

सचिव ने सभी जिलाधिकारियों से स्वयं इस कार्य की नियमित समीक्षा करने तथा पैक्सों और राइस मिलों के माध्यम से राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केंद्रों पर शत-प्रतिशत सीएमआर जमा कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है. साथ ही जिला स्तर पर विशेष निगरानी रखने और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर लक्ष्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है.

जिले में अभी काफी सीएमआर की आपूर्ति बाकी

जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के दौरान 252 पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से 16,757 किसानों से 96,047.382 टन धान की खरीद की गई है. इसके विरुद्ध अब तक बिहार राज्य खाद्य निगम को केवल 59,286.395 टन सीएमआर ही उपलब्ध कराया जा सका है. शेष चावल की आपूर्ति 31 जुलाई तक पूरी करना जिला प्रशासन, सहकारिता विभाग, पैक्सों और राइस मिलों के लिए बड़ी चुनौती होगी.

लापरवाही पर प्राथमिकी और समिति भंग करने की चेतावनी

जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरभ कुमार ने सीएमआर की आपूर्ति में विलंब करने वाले संबंधित पैक्सों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी पैक्स और संबंधित राइस मिल निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिप्राप्त धान के समतुल्य सीएमआर हर हाल में राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केंद्रों पर जमा कराएं. उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर सीएमआर जमा नहीं करने वाले पैक्सों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने, समिति को भंग करने तथा अन्य विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. साथ ही सभी पैक्स अध्यक्षों, प्रबंधकों और राइस मिल संचालकों से समय रहते शेष सीएमआर की आपूर्ति पूरी करने की अपील की गई है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन