सीवान में नगर भवन-गांधी मैदान की बुकिंग होगी महंगी, नगर परिषद ने तय की नयी दरें

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, सदस्य व ईओ | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सीवान में नगर भवन, गांधी मैदान और राजेंद्र स्टेडियम की बुकिंग दरों में बढ़ोतरी की गई है. नगर परिषद की बैठक में नई दरें तय की गईं, जिससे इन स्थलों के रखरखाव में मदद मिलेगी. साथ ही, शवदाह गृह भी आम लोगों के लिए खोले जाएंगे.

विज्ञापन

Siwan News : नगर भवन, गांधी मैदान और राजेंद्र स्टेडियम की बुकिंग अब महंगी होगी. नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में तीनों स्थलों के लिए नयी दरें तय करने का प्रस्ताव पारित किया गया. इसके साथ ही शहर में विद्युत और लकड़ी वाले शवदाह गृह को आम लोगों के लिए शुरू करने तथा प्रत्येक वार्ड में दो-दो विकास योजनाओं का चयन करने का भी निर्णय लिया गया.

विज्ञापन

नगर भवन का नॉन एसी किराया 15 हजार रुपये

मुख्य पार्षद सेंपी देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर भवन की नयी दर तय की गयी. अब एक दिन की बुकिंग के लिए नॉन एसी नगर भवन का किराया 15 हजार रुपये होगा. नगर भवन में एसी सुविधा शुरू होने के बाद एक दिन की बुकिंग पर 25 हजार रुपये किराया देना होगा.

तीन दिन से अधिक की बुकिंग पर नॉन एसी के लिए 10 हजार और एसी के लिए 22 हजार रुपये प्रतिदिन किराया निर्धारित किया गया है. सफाई के लिए 2500 रुपये अलग से देने होंगे. इससे पहले नगर भवन का एक दिन का किराया 11 हजार रुपये था.

गांधी मैदान की बुकिंग पर भी बढ़ा शुल्क

गांधी मैदान के किराये में भी बढ़ोतरी की गयी है. व्यावसायिक कार्यक्रम के लिए एक दिन का किराया 10 हजार रुपये होगा. इसमें सफाई शुल्क भी शामिल रहेगा. एक दिन से अधिक की बुकिंग पर सात हजार रुपये प्रतिदिन शुल्क देना होगा.

अन्य कार्यक्रमों के लिए एक दिन का किराया छह हजार रुपये और एक दिन से अधिक की बुकिंग पर चार हजार रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है. पहले व्यावसायिक कार्यक्रम के लिए छह हजार और अन्य कार्यक्रमों के लिए चार हजार रुपये शुल्क लिया जाता था.

राजेंद्र स्टेडियम में क्रिकेट अकादमी के लिए 15 हजार रुपये महीना

राजेंद्र स्टेडियम में क्रिकेट अकादमी संचालित करने के लिए 15 हजार रुपये प्रतिमाह शुल्क तय किया गया है. बच्चों को क्रिकेट प्रशिक्षण देने वाली मान्यता प्राप्त और क्रिकेट संघ से निबंधित संस्था को ही अकादमी चलाने की अनुमति दी जाएगी.

स्टेडियम में अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आठ हजार रुपये किराया निर्धारित किया गया है. सरकारी कार्यक्रमों को इससे अलग रखा गया है. स्टेडियम की सफाई के लिए दो हजार रुपये शुल्क देना होगा.

आम लोगों के लिए शुरू होगा शवदाह गृह

बैठक में शवदाह गृह को आम लोगों के लिए शुरू करने का भी निर्णय लिया गया. विद्युत शवदाह गृह के लिए 3500 रुपये और लकड़ी वाले शवदाह गृह के लिए 500 रुपये शुल्क तय किया गया है.

पंडित के लिए 500 रुपये, ठाकुर और नाई के लिए 250 रुपये तथा सुपन भगत और डोम के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. लकड़ी उपलब्ध कराने के लिए भी सूची तैयार की जायेगी.

हर वार्ड में चुनी जाएंगी दो विकास योजनाएं

नगर परिषद ने प्रत्येक वार्ड में दो-दो योजनाओं का चयन करने का फैसला लिया है. इसके तहत हर वार्ड में दो योजनाएं चुनी जाएंगी और उनके आधार पर विकास कार्य कराये जाएंगे.

काम पूरा होने के बाद भुगतान से पहले संबंधित कागजात और कार्यस्थल पर हुए काम की जांच की जायेगी. इसके बाद ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी.

नयी दरों से आय बढ़ने की उम्मीद

मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने कहा कि नगर भवन, गांधी मैदान और राजेंद्र स्टेडियम के लिए नयी दरें तय की गयी हैं. इससे इन स्थलों के बेहतर रखरखाव में मदद मिलेगी. शवदाह गृह शुरू होने से लोगों को सुविधा मिलेगी और प्रत्येक वार्ड में दो योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य कराये जाएंगे.

उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता ने कहा कि बैठक में शहर की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं. नयी दरों से नगर परिषद की आय बढ़ेगी. वहीं शवदाह गृह शुरू होने और प्रत्येक वार्ड में दो योजनाओं का चयन होने से लोगों को सीधे लाभ मिलेगा.

बैठक में उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता, सदस्य पल्लवी प्रिया, अर्चना देवी और शायदा खातून मौजूद थीं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन