सीवान में 19,767 जीविका दीदियों के स्वरोजगार का होगा मूल्यांकन, व्यवसाय नहीं मिला तो रुकेगी अगली किस्त

सांकेतिक तस्वीर
Mukhyamantri Swarozgar Yojana: सीवान के गुठनी में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 19,767 जीविका दीदियों को मिली सहायता राशि के बाद अब उनके व्यवसाय का डोर-टू-डोर सत्यापन शुरू हो गया है. व्यवसाय नहीं मिलने पर अगली किस्त रोकी जा सकती है.
Mukhyamantri Swarozgar Yojana: मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत जीविका से जुड़ी महिलाओं को दिए गए आर्थिक सहयोग के बाद अब उनके स्वरोजगार का मूल्यांकन शुरू कर दिया गया है. जिला परियोजना विभाग (जीविका) ने योजना के लाभार्थियों के घर-घर जाकर व्यवसाय की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
19,767 महिलाओं को मिल चुकी है 19.76 करोड़ रुपये की सहायता
प्रखंड परियोजना पदाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि गुठनी प्रखंड में जीविका से जुड़ी कुल 20,610 महिलाओं में से 19,767 महिलाओं को अब तक विभिन्न व्यवसाय शुरू करने के लिए 19 करोड़ 76 लाख 70 हजार रुपये (प्रति लाभार्थी 10 हजार रुपये) की सहायता राशि दी जा चुकी है.
अब दूसरी किस्त जारी करने से पहले यह देखा जा रहा है कि लाभार्थियों ने वास्तव में स्वरोजगार शुरू किया है या नहीं.
घर-घर जाकर हो रहा व्यवसाय का सत्यापन
जिला परियोजना विभाग ने प्रखंडवार टीमों का गठन किया है. ये टीमें लाभार्थियों के घर जाकर उनके व्यवसाय की जांच कर रही हैं. यदि महिला स्वरोजगार करती हुई मिलती है, तो उसकी फोटोग्राफी कर सूचीबद्ध किया जा रहा है. मूल्यांकन कार्य लगभग एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
व्यवसाय नहीं करने वालों को नहीं मिलेगी अगली किस्त
प्रखंड परियोजना पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन महिलाओं ने पहली किस्त मिलने के बावजूद कोई स्वरोजगार शुरू नहीं किया है, उन्हें योजना की अगली किस्त नहीं दी जाएगी.
वहीं, जो महिलाएं सफलतापूर्वक व्यवसाय कर रही हैं, उन्हें स्वरोजगार का विस्तार करने के लिए योजना के तहत आगे भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

31 जुलाई तक शेष महिलाओं को भी मिलेगा लाभ
अधिकारियों के अनुसार, अभी तक लाभ से वंचित महिलाओं को भी जीविका समूहों से जोड़ने का अभियान चल रहा है. ग्राम संगठन और पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर नई महिलाओं का पंजीकरण किया जा रहा है.
सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 31 जुलाई तक पात्र महिलाओं के खाते में योजना की राशि भेजने का लक्ष्य रखा गया है.
1,361 जीविका समूहों से जुड़ी हैं हजारों महिलाएं
गुठनी प्रखंड की 10 पंचायतों और नगर पंचायत में 1,361 जीविका समूह सक्रिय हैं. इन समूहों से जुड़कर 4,000 से अधिक महिलाएं विभिन्न प्रकार के स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका कमा रही हैं.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में फटा दूध खाने से एक ही परिवार के 10 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, सदर अस्पताल में भर्ती
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










