सीवान: गुठनी में महावीरी मेले को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे और आर्केस्ट्रा पर रहेगा प्रतिबंध
बैठक करते सीओ, थानाध्यक्ष व जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
गुठनी थाना परिसर में महावीरी मेले को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में डीजे और आर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया. जुलूस निकालने के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना भी अनिवार्य होगा.
Siwan News : गुठनी थाना परिसर में सोमवार की शाम महावीरी मेले को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता सीओ डॉ. विकास कुमार एवं थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से की. इसमें दोनों समुदायों के लोगों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्य शामिल हुए. अधिकारियों ने महावीरी मेले के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाये रखने की अपील की.
जुलूस और आयोजन के लिए लेनी होगी पूर्व अनुमति
सीओ डॉ. विकास कुमार ने कहा कि महावीरी मेले के दौरान शांति और सौहार्द बनाये रखना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस या किसी अन्य आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा. बिना अनुमति आयोजन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.
संदिग्ध सूचना मिलने पर पुलिस को दें जानकारी
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने लोगों से पुलिस और स्थानीय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारे और सहयोग से ही सभी पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराये जा सकते हैं. जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से किसी भी तरह की संदिग्ध या विवादित सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने को कहा गया, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
महावीरी जुलूस में डीजे और आर्केस्ट्रा पर रहेगा प्रतिबंध
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि महावीरी जुलूस के दौरान थाना क्षेत्र में डीजे और आर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. मुख्य बाजार समेत सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी.
सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वालों पर कार्रवाई
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक खबर फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों को चिह्नित किया जायेगा. ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने लोगों से किसी भी अफवाह पर विश्वास नहीं करने और बिना पुष्टि के किसी सूचना को प्रसारित नहीं करने की अपील की.
बैठक में जनप्रतिनिधि और अखाड़ा समिति के सदस्य रहे मौजूद
बैठक में मुख्य पार्षद राजेश गुप्ता, सुबोध सिंह, नरेंद्र मोहन वर्मा, सुभाष ठाकुर, गुलाम रसूल, लिटिल पांडेय, नीतीश कुशवाहा, राजू राम, मुन्ना कसेरा समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए