सीवान में आकाशीय बिजली का कहर, मंदिर का गुंबद टूटा; दीवारों में पड़ी दरारें
ध्वस्त मंदिर का गुंबद | Prabhat Khabar Network
सीवान के दरौंदा में आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद टूट गया और दीवारों में दरारें आ गईं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। जानिए पूरी खबर।
Siwan News : सीवान जिले में देर रात अचानक बदले मौसम के बीच तेज आंधी, बारिश और जोरदार गर्जना के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया. बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद बुरी तरह टूट गया, जबकि दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गयीं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
आपके शहर में
तेज आवाज के साथ मंदिर पर गिरी बिजली
घटना दरौंदा थाना क्षेत्र के गरौली गांव की बतायी जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार, देर रात अचानक मौसम खराब हो गया. आसमान में घने बादल छा गये और तेज बारिश के साथ लगातार बिजली कड़कने लगी. इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली मंदिर पर गिर पड़ी. बिजली गिरने की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गये.
सुबह मंदिर पहुंचकर ग्रामीणों ने देखा नुकसान
बारिश और आंधी थमने के बाद ग्रामीणों को मंदिर के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली. शनिवार की सुबह बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर में जाकर नुकसान का जायजा लिया. ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर के गुंबद का बड़ा हिस्सा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया है. वहीं, दीवारों में भी कई जगह दरारें पड़ गयी हैं.
रात में घटना होने से टला बड़ा हादसा
घटना देर रात होने के कारण मंदिर परिसर में उस समय लोगों की मौजूदगी नहीं थी. इससे एक बड़ा हादसा टल गया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि दिन के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी.
ग्रामीणों की आस्था से जुड़ा है मंदिर
मंदिर गांव के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बताया जा रहा है. मंदिर के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में चिंता है. लोगों का कहना है कि मंदिर से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हैं. ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से राशि जुटाकर मंदिर के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और पुनर्निर्माण कराने की बात कही है.
जल्द मरम्मत कराने की तैयारी
ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर को जल्द से जल्द पहले की स्थिति में लाने का प्रयास किया जायेगा. इसके लिए स्थानीय स्तर पर लोगों से सहयोग लिया जायेगा. मंदिर की मरम्मत होने तक ग्रामीण क्षतिग्रस्त हिस्से की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क रहेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए