शिक्षक दिवस पर सीवान के 39 शिक्षक सम्मानित, DM बोले- छात्रों को पढ़ाई के साथ खेल और कला में भी आगे बढ़ाएं
फोटो.11. प्रावि उसरी हिन्दी हसनपुरा की शिक्षिका पूनम तिवारी पुरस्कृत करते डीएम | Prabhat Khabar Network
सीवान में शिक्षक दिवस पर 39 शिक्षकों को शिक्षा और समाज निर्माण में उनके योगदान के लिए डीएम ने सम्मानित किया। जानिए पूरी खबर विस्तार से।
Siwan News : शिक्षक दिवस के अवसर पर सीवान जिले के 39 शिक्षकों को शिक्षा के प्रति उनकी सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया. प्रदेश स्तर पर आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय जीरादेई की शिक्षिका वीनस दीक्षित को सम्मान मिला. वहीं प्रमंडल स्तर पर राजकीय जिला स्कूल छपरा में आयोजित कार्यक्रम में गंडक उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज तरवारा के शिक्षक डॉ. उमेश कुमार गुप्ता, राजवंशी देवी उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज ठेपहां की शिक्षिका अनु कुमारी और उच्च विद्यालय माधर के शिक्षक पंकज कुमार सम्मानित हुए.
आपके शहर में
जिला स्तर पर 35 शिक्षकों को मिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान
जिला स्तर पर सरस्वती विद्या निकेतन (वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, सीवान) में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने 35 शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से नवाजा. शिक्षकों को विद्यालयों में नवाचार, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण तकनीकों के प्रयोग, विद्यालय प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य तथा विद्यार्थियों एवं विद्यालयों के हित में निर्धारित दायित्वों से बढ़कर योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया.
इस मौके पर जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समेत शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
डीएम बोले- शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं. वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. यही गुण आगे चलकर समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में योगदान देते हैं.
उन्होंने शिक्षकों से आधुनिक तकनीक, नवाचार और छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धति को अपनाने की अपील की, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके.
छात्रों को पढ़ाई के साथ खेल और कला में आगे बढ़ने की सलाह
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि छात्र पढ़ाई के साथ खेल-कूद, कला, साहित्य और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाएं. विद्यार्थियों की प्रतिभा को सही दिशा मिलने से उनका सर्वांगीण विकास संभव है.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया. कार्यक्रम में शिक्षक दिवस के अवसर पर महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को भी याद किया गया.
निबंध से लेकर रंगोली तक प्रतियोगिताएं
शिक्षक दिवस समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इनमें निबंध, भाषण, मेहंदी, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रही. प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला.
शिक्षकों के लिए लगाया गया स्वास्थ्य शिविर
कार्यक्रम की एक विशेष पहल शिक्षकों के स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़ी रही. मेदांता अस्पताल के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इसमें शिक्षकों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श की व्यवस्था की गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए