अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर खुशी कुमारी का खेल कोटे से मुंबई आयकर विभाग में चयन, सीवान में खुशी की लहर
खुशी को मिला सरकारी नौकरी | Prabhat Khabar Network
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर खुशी कुमारी का खेल कोटे से मुंबई आयकर विभाग में चयन हुआ है। उन्होंने भारतीय टीम के लिए कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं।
Siwan News : रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी की अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी खुशी कुमारी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनका चयन खेल कोटे से मुंबई आयकर विभाग में हुआ है. उनकी इस सफलता से परिवार, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है.
गुठनी की बेटी ने खेल के दम पर हासिल की नौकरी
गुठनी के स्व. सीताराम पासी एवं प्रभावती देवी की सबसे छोटी पुत्री खुशी कुमारी ने रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी में आवासीय एवं गैर-आवासीय प्रशिक्षु के रूप में फुटबॉल का प्रशिक्षण लिया. अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
अंडर-17 चैंपियनशिप में बनीं भारतीय टीम की गोलकीपर
एकेडमी के निदेशक एवं प्रशिक्षक संजय पाठक ने बताया कि खुशी ने वर्ष 2023 में जॉर्डन और थाईलैंड में आयोजित अंडर-17 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम की गोलकीपर के रूप में हिस्सा लिया था.
ढाका में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में निभायी अहम भूमिका
वर्ष 2024 में बांग्लादेश के ढाका में आयोजित अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में भी खुशी भारतीय टीम की गोलकीपर के रूप में शामिल हुईं. इस प्रतियोगिता में उन्होंने भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
डेढ़ दर्जन खिलाड़ी हासिल कर चुके हैं सरकारी नौकरी
संजय पाठक ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के करीब डेढ़ दर्जन खिलाड़ी खेल कोटे से बिहार सरकार, भारत सरकार और अर्धसैनिक बलों में नौकरी हासिल कर चुके हैं. ये खिलाड़ी अपने परिवार का सहारा बनने के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए