सीवान के जामो थाना क्षेत्र में दो घरों में चोरी, मोबाइल, नकदी और गैस सिलेंडर ले उड़े चोर

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Siwan News: सोमवार रात सीवान के जामो थाना क्षेत्र में चोरों ने दो घरों में घुसकर दहशत फैलाई. एक घर से मोबाइल, नकदी और एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी हो गए, जबकि दूसरे घर में चोरी का प्रयास विफल रहा. ग्रामीणों में भय का माहौल है.

विज्ञापन

Siwan News: बड़हरिया प्रखंड के जामो थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुरा गांव में सोमवार की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी. पहली घटना गांव निवासी पहाड़ी मांझी के घर में हुई, जहां चोर मोबाइल, नकदी और एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए. वहीं, दूसरे घर में चोरी का प्रयास परिजनों के जाग जाने से विफल हो गया.

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब 12 बजे के बाद बिजली कटने पर पहाड़ी मांझी के परिवार के सभी सदस्य छत पर सोने चले गए थे. इसी का फायदा उठाकर चोर पीछे की ओर से छत पर चढ़े और सीढ़ी के रास्ते आंगन में उतरकर घर में घुस गए. चोर घर से करीब 30 हजार रुपये मूल्य का एंड्रॉयड मोबाइल, तीन हजार रुपये नकद और एक एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए. मंगलवार सुबह बरामदे में रखा गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई.

दूसरे घर में चोरी का प्रयास विफल

पहली वारदात के बाद चोर गांव के स्वर्गीय सुभाष सिंह की विधवा के घर पहुंचे. बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान परिजनों की नींद खुल गई. शोर मचाने पर चोर मौके से फरार हो गए.

ग्रामीणों में दहशत, बढ़ी रात्रि गश्ती की मांग

लगातार चोरी की घटना से गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.

पुलिस बोली- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

जामो थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है और न ही कोई लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया


विज्ञापन
आनंद मिश्र

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन