सीवान के हसनपुरा में डीएम की बैठक, सड़क-बिजली समेत जनसमस्याओं पर हुई चर्चा
परिचात्मक बैठक में उपस्थित जिलाधिकारी व अन्य
हसनपुरा प्रखंड मुख्यालय में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की. इस दौरान क्षेत्र की प्रमुख जनसुविधाओं, सड़क, नाली, बिजली, पेयजल की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. आगामी त्योहारों, विशेषकर महावीरी जुलूस को लेकर भी इनपुट लिया गया और विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया.
Hasanpura Development: हसनपुरा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में रविवार को जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक से पूर्व बीडीओ, सीओ और नगर पंचायत चेयरमैन ने जिलाधिकारी को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया.
आपके शहर में
बैठक का उद्देश्य प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गति देना था. जिलाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके कार्यक्षेत्र व दायित्वों की जानकारी ली.
सड़क, नाली, बिजली और पेयजल की समस्याओं पर चर्चा
डीएम ने जनप्रतिनिधियों से सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि प्रशासन कानून-व्यवस्था और विकास के साथ है, किसी एक पक्ष के साथ नहीं.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं, सुझावों और उपलब्धियों की जानकारी ली जा रही है, ताकि क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर योजना तैयार कर प्रभावी ढंग से काम किया जा सके.
महावीरी जुलूस को लेकर भी लिया इनपुट
बैठक में आगामी तीज-त्योहारों, खासकर महावीरी जुलूस को लेकर भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से इनपुट लिया गया. डीएम ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि त्योहार सौहार्द, शांति और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो. इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां समय पर पूरी की जायेंगी.
दहा नदी के जर्जर पुल का मुद्दा उठा
नगर पंचायत हसनपुरा की चेयरमैन बेबी गुप्ता ने उसरी बुजुर्ग स्थित दहा नदी के जर्जर पुल की समस्या को प्रमुखता से उठाया. इसके साथ ही हसनपुरा बाजार की सड़क व नाला तथा क्षेत्र में बिजली के जर्जर तार और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया.
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं. बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली और विकास कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने पर चर्चा की.
ये पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मौके पर डीडीसी अमिताभ सिंह, एसडीएम आशुतोष गुप्ता, बीडीओ आनंद प्रकाश सिंह, सीओ पूनम दीक्षित, बीपीआरओ महमद शबाव, सीडीपीओ उषा सिंह, बीईओ कुमार अभिषेक, बीएओ आदित्य प्रताप पांडे, एमओ अरुण कुमार, जेई सतीश कुमार, मनरेगा पीओ आनंद कुमार, एलईओ सहित नगर पंचायत हसनपुरा एवं प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए