सीवान: हसनपुरा में महावीरी झंडा जुलूस और दंगल का रोमांच, देशभर से पहुंचे पहलवानों ने दिखाया दमखम
फीता काट कर दंगल का उद्घाटन करते आयोजन कर्ता व अन्य | Prabhat Khabar Network
हसनपुरा के गाय घाट में महावीरी झंडा जुलूस और दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें देश भर के पहलवानों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।
Siwan News : हसनपुरा प्रखंड के गायघाट में बुधवार को महावीरी झंडा जुलूस और दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया. प्रशासन की देखरेख में महावीरी झंडा जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. गाजे-बाजे के साथ वीर हनुमान की प्रतिमा की शोभायात्रा प्राचीन शिव मंदिर से शुरू होकर मुखिया सीमा देवी के आवास, पूरब टोला और काली स्थान होते हुए दंगल स्थल पर पहुंची.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ दंगल
दंगल प्रतियोगिता की शुरुआत आचार्य जयप्रकाश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ करायी. इसके बाद थाने के सअनि पवन कुमार, मुखिया प्रतिनिधि टुनटुन सिंह, मंडल अध्यक्ष दुर्गालाल सोनी, जिप प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह और नागमणि शर्मा समेत अन्य अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया.
कई राज्यों से पहुंचे नामचीन पहलवान
दंगल में बक्सर, प्रयागराज, छपरा, मथुरा, गाजीपुर, दिल्ली, गोपालगंज और राजस्थान समेत विभिन्न प्रांतों से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया. पहलवानों के मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से लोग पहुंचे.
महिला पहलवानों ने भी दिखाया शानदार प्रदर्शन
महिला पहलवानों ने भी कुश्ती में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. गोरखपुर की खुशी कुमारी, कानपुर की ऋधि कुमारी, हरियाणा की काजू और छपरा की रिया पहलवान ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी. महिला वर्ग में खुशी कुमारी और रिया कुमारी ने जीत हासिल की.
पुरुष पहलवानों ने भी दिखाये दांव-पेंच
पुरुष वर्ग में छोटू, अनुप, निकेश और टाईगर पहलवान ने अपने-अपने मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी पहलवानों को पराजित किया. मुकाबलों के दौरान पहलवानों के दांव-पेंच ने दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया.
अजय पहलवान की उद्घोषणा ने बढ़ाया उत्साह
दंगल के दौरान गोपालगंज के अजय पहलवान ने ओजस्वी उद्घोषणा कर दर्शकों में उत्साह भर दिया. कुश्ती के मुकाबलों के दौरान दर्शक लगातार पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे. आयोजन स्थल पर पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा.
सहुली में भी हुआ दंगल का आयोजन
इसी क्रम में सहुली में भी दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. यहां भी विभिन्न प्रांतों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे.
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
मौके पर पैक्स अध्यक्ष चंदन सिंह, महामंत्री अर्जुन कुमार, वीरेंद्र चौहान, उमेश सिंह, संतोष साह गोड़, शिवशंकर साह, राजेश यादव, विनोद चौहान, शंकर साह, शैलेन्द्र सिंह, सुरेंद्र सोनी, उमेश साह गोड़, पंकज साह, सुगम्भर पांडेय और श्यामबाबू सोनी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए