सीवान में मत्स्यजीवी समिति के पूर्व मंत्री पर अभिलेख नहीं सौंपने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
AI से बनाई गई तस्वीर
सीवान के दरौंदा प्रखंड में मत्स्यजीवी सहयोग समिति के पूर्व मंत्री के खिलाफ समिति के महत्वपूर्ण अभिलेख वर्तमान मंत्री को नहीं सौंपने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Siwan News : दरौंदा प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड के पूर्व मंत्री पर समिति के महत्वपूर्ण अभिलेख वर्तमान मंत्री को नहीं सौंपने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इस संबंध में प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी मुन्ना कुमार ने दरौंदा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बार-बार निर्देश के बाद भी अभिलेख नहीं सौंपने का आरोप
आवेदन के अनुसार, ग्राम सिरसांव निवासी पूर्व मंत्री परमानंद प्रसाद, पिता सूर्यशन प्रसाद, को समिति के अभिलेख वर्तमान मंत्री बैद्यनाथ सिंह को सौंपने के लिए कई बार निर्देश दिया गया था. आरोप है कि इसके बावजूद एक अप्रैल 2023 से 16 जनवरी 2026 तक के समिति के अभिलेखों का प्रभार वर्तमान मंत्री को नहीं सौंपा गया.
विभागीय पदाधिकारी ने आशंका जतायी कि समिति के अभिलेखों का प्रभार नहीं मिलने से सरकारी राजस्व को क्षति हो सकती है. इसी आधार पर पूर्व मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई का अनुरोध किया गया था.
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने भेजा था पत्र
मामले में जिला सहकारिता पदाधिकारी, सीवान की ओर से 31 जुलाई 2026 को पत्र जारी किया गया था. पत्र में समिति के अभिलेखों का प्रभार नहीं सौंपने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था.
दरौंदा थाना कांड संख्या 509/26 दर्ज
दस्तावेज पर दरौंदा थानाध्यक्ष की ओर से की गयी टिप्पणी के अनुसार, मामले में दरौंदा थाना कांड संख्या 509/26 दर्ज करते हुए अनुसंधान का निर्देश दिया गया है. इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
बताया जाता है कि पूरा मामला समिति के पुराने अभिलेखों के प्रभार हस्तांतरण से जुड़ा है. पुलिस जांच के बाद ही लगाए गये आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए