सीवान: दुबई में लापता युवक की संदिग्ध मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

Author Chandra Prakash|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
दुबई में लापता युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

मृतक इस्मुहम्मद अंसारी का शोकाकुल परिवार | Prabhat Khabar Network

सीवान के गुठनी थाना क्षेत्र के इस्मुहम्मद अंसारी की दुबई में संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. जून से लापता युवक का शव शुक्रवार देर शाम गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने मौत की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

विज्ञापन

Siwan News: सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के एक युवक की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुक्रवार देर शाम दुबई से मजदूर का शव उसके पैतृक गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान इस्मुहम्मद अंसारी (35) के रूप में हुई है. शव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने लगे.

जून से लापता था युवक

परिजनों ने बताया कि इस्मुहम्मद अंसारी 8 जनवरी को इलेक्ट्रिशियन की नौकरी करने के लिए दुबई के रास अल खैमाह गया था. 7 जून तक वह नियमित रूप से अपने परिवार के संपर्क में था, लेकिन इसके बाद अचानक उसका संपर्क टूट गया. काफी खोजबीन और प्रयास के बावजूद उसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी. पति के लापता होने पर उनकी पत्नी सूफिया खातून ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी की सूचना दी थी.

रिश्तेदार ने दी थी सूचना

बाद में दुबई में ही रह रहे एक नजदीकी रिश्तेदार ने फोन पर परिजनों को इस्मुहम्मद की मौत की दुखद जानकारी दी. इसके बाद विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. प्रक्रिया संपन्न होने के बाद शुक्रवार देर शाम उसका शव गांव लाया गया. ग्रामीणों के अनुसार इस्मुहम्मद अंसारी अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घर की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण वह परिवार का भविष्य संवारने की उम्मीद लेकर विदेश गया था. उसके परिवार में पत्नी सूफिया खातून, पुत्र इल्तफाक अंसारी और पुत्री इल्तिजा अंसारी शामिल हैं. पति का शव देखते ही पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही थी. फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है. परिजनों ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

सांत्वना देने उमड़ी भारी भीड़

इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक के घर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने बताया कि इस्मुहम्मद बेहद मिलनसार और मेहनती स्वभाव का युवक था. उसकी इस असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और लोग शोकाकुल परिवार की मदद की गुहार लगा रहे हैं.

Also Read: सीवान में नकली नोट बनाने वाले गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, महिला समेत दो गिरफ्तार, मशीन बरामद


विज्ञापन
Chandra Prakash

लेखक के बारे में

By Chandra Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन