सीवान के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, पहली सोमवारी पर 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े भक्त
Siwan Sawan First Somwari : सावन की पहली सोमवारी पर सीवान के प्रमुख शिवालयों में भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा पूरा वातावरण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम।
Siwan Sawan First Somwari : सावन की पहली सोमवारी पर सीवान जिले के प्रमुख शिवालयों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. महादेवा मंदिर सहित जिले के प्रसिद्ध शिवधामों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया. प्रशासन ने भी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए.
पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
देवाधिदेव भगवान शिव के प्रिय सावन माह की पहली सोमवारी पर सोमवार को सीवान जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की.
महादेवा मंदिर में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
शहर के महादेवा स्थित शिव मंदिर में सुबह से दोपहर तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल अर्पित किया. श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. मंदिर परिसर "बोल बम", "हर-हर महादेव" और "जय शिव शंकर" के जयघोष से गूंजता रहा. कई कांवड़िये गंगाजल लेकर बाबा भोलेनाथ का अभिषेक करते नजर आए.
जिले के प्रमुख शिवधामों में भी उमड़ी भक्तों की भीड़
महादेवा मंदिर के अलावा सिसवन प्रखंड स्थित मेहदार के महेंद्रनाथ धाम, गुठनी प्रखंड के सोहगरा स्थित हंसनाथ धाम, गोरेयाकोठी के हेयातपुर स्थित जंगली बाबा शिव मंदिर और जीरादेई के अकोल्ही स्थित अनंतनाथ धाम समेत जिले के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया.
नदी घाटों पर सुबह से जुटे श्रद्धालु
सावन की पहली सोमवारी को लेकर सुबह से ही सरयू नदी, गंडकी नदी और अन्य नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पूजा के लिए जल भरा और मेहदार तथा सोहगरा सहित विभिन्न शिवधामों के लिए रवाना हुए. गंगपुर-सिसवन घाट, नरहन घाट, दरौली सरयू घाट सहित कई नदी तटों पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. वहीं मेहदार में श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर स्थित तालाब में स्नान कर जलाभिषेक के लिए जल लिया.
बाजारों में पूजा सामग्री और कांवड़ की बढ़ी मांग
पहली सोमवारी को लेकर जिले के बाजारों में सुबह से ही रौनक रही. श्रद्धालुओं ने फूल, बेलपत्र, धूप, प्रसाद, कांवड़, लोटा, गेरुआ वस्त्र और अन्य पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की. शहर के कसेरा टोली, सोनार टोली, थाना रोड, राजेंद्र पथ, जेपी चौक और कचहरी रोड सहित कई स्थानों पर पूजा सामग्री की दुकानों पर भीड़ लगी रही.
महिलाओं को खूब पसंद आ रही हरी चूड़ियां और मेहंदी
सावन के अवसर पर महिलाओं और युवतियों में हरी चूड़ियों, कांच के कंगनों और मेहंदी की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. बाजारों में हरे रंग की साड़ियों और श्रृंगार सामग्री की भी अच्छी बिक्री हुई. दुकानों पर आकर्षक डिजाइनों वाली चूड़ियां और मेहंदी महिलाओं को आकर्षित करती रहीं.
पंचमुखी शिव मंदिर में कुएं के जल से हुआ जलाभिषेक
शहर के महादेवा स्थित पंचमुखी शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार मंदिर परिसर के कुएं से जल भरकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. सुबह से ही कुएं पर लंबी कतार लगी रही. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की.
श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया प्रसाद
पूजा-अर्चना के बाद पंचमुखी शिव मंदिर परिसर में विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं की ओर से प्रसाद वितरण किया गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. पूरे दिन मंदिर परिसर में सेवा, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा.
सुरक्षा और यातायात की रही विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. पुलिस जवान, स्वयंसेवक और प्रशासनिक कर्मी पूरे दिन श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे.
Also Read : सीवान के शिवराजपुर पहुंचे MLC विनोद जायसवाल, शहजाद अली हत्याकांड पर उठाई बड़ी मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











