सीवान में मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, फॉगिंग नहीं होने से डेंगू-चिकनगुनिया का खतरा, नगरवासी परेशान

सड़क किनारे लगा कचरों का ढेर | Prabhat Khabar
Siwan Fogging News:महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र में बारिश और जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव नहीं होने से डेंगू व चिकनगुनिया का खतरा बढ़ने लगा है. नगर पंचायत ने जल्द वार्डवार फॉगिंग कराने का दावा किया है.
Siwan Fogging News: भीषण गर्मी, उमस और बीच-बीच में हो रही बारिश ने महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ा दिया है. हालात ऐसे हैं कि लोग दिन में भी मच्छरों से बचाव के लिए जूझ रहे हैं. इसके बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अब तक फॉगिंग या एंटी लार्वा दवा के छिड़काव की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में आखिरी बार फॉगिंग कब कराई गई थी, यह किसी को याद तक नहीं है. लंबे समय से उपयोग नहीं होने के कारण फॉगिंग मशीनें भी जंग खाने की स्थिति में पहुंच गई हैं.
जलजमाव और गंदगी से बढ़ रही परेशानी
शहर के कई इलाकों में बारिश का पानी जमा है. वहीं नालियों में गाद और बहता गंदा पानी मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रहा है. इससे डेंगू, चिकनगुनिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है. शहरवासियों में इसे लेकर चिंता और दहशत का माहौल है.
17 वार्डों के लिए सिर्फ दो फॉगिंग मशीन
नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 17 वार्ड हैं, लेकिन पूरे क्षेत्र में फॉगिंग के लिए केवल दो बड़ी मशीनें उपलब्ध हैं. लोगों का आरोप है कि पर्याप्त संसाधन होने के बावजूद नियमित फॉगिंग नहीं कराई जा रही है. इससे मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है.
लोगों ने जताई नाराजगी
नगरवासियों का कहना है कि जगह-जगह जलजमाव, कूड़े के ढेर और गंदगी के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. बावजूद इसके न तो फॉगिंग हो रही है और न ही मच्छर मारने वाली दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है.
लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तो चला रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव नहीं होने से अभियान का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है.
नगर पंचायत का दावा, जल्द शुरू होगी वार्डवार फॉगिंग
नगर पंचायत की स्वच्छता पदाधिकारी सोनाली छाया ने बताया कि शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग कराने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है. जल्द ही एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी शुरू कराया जाएगा.
उन्होंने बताया कि जिन नालों का निर्माण कार्य चल रहा है, उन्हें शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जलजमाव की समस्या कम हो और मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










