सीवान में जलजमाव से शहर बेहाल, नाला निर्माण और मरम्मत की मांग; EO से मिले पार्षद
फोटो.ईओ से मुलाकात करते जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
सीवान में मानसून की बारिश के बाद जलजमाव से स्थिति नारकीय हो गई है। पार्षदों ने नगर परिषद के ईओ से मिलकर नाला निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग की।
Siwan News : मानसून की बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गयी है. सड़कों पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं लगातार जलजमाव के कारण कई जगह सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गयी हैं. जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर बुधवार को नगर परिषद की उपमुख्य पार्षद किरण गुप्ता के नेतृत्व में पार्षदों की टीम ने कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता से मुलाकात की.
तरवारा मोड़ पर नाला नहीं होने से वर्षों से जलजमाव
पार्षदों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और नालों की मरम्मत कराने की मांग रखी. उपमुख्य पार्षद किरण गुप्ता ने कहा कि बारिश के बाद शहर की स्थिति नारकीय हो जाती है. तरवारा मोड़ के पास नाला नहीं होने के कारण वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. आसपास के घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर गिरता है, जिससे सड़क लगातार खराब हो रही है. उन्होंने तरवारा मोड़ के समीप नाला निर्माण कराने की मांग की.
मखदूम सराय मोड़ पर क्रॉस ड्रेन बनाने की मांग
पार्षदों ने मखदूम सराय मोड़ पर लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या से भी ईओ को अवगत कराया. बारिश के दौरान लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है. यहां जल निकासी के लिए क्रॉस ड्रेन बनाने की मांग की गयी, ताकि बारिश के पानी की निकासी बेहतर तरीके से हो सके.
गौशाला रोड के पकड़ी मोड़ पर भी समस्या
गौशाला रोड में पकड़ी मोड़ के समीप भी जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग पार्षदों ने रखी. उनका कहना था कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
नवरात्र से पहले जल निकासी दुरुस्त करने की मांग
पार्षदों ने कहा कि नवरात्र शुरू होने वाला है. ऐसे में शहर को जलजमाव से मुक्त करने के लिए तत्काल पहल जरूरी है. लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद कई मोहल्लों में नालों के स्लैब टूटे हुए हैं और उनकी मरम्मत नहीं करायी जा रही है. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
प्राथमिकता के आधार पर हो जल निकासी का काम
पार्षदों ने नगर परिषद से प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने, क्षतिग्रस्त नालों और स्लैब की मरम्मत कराने तथा जलजमाव वाले स्थानों पर स्थायी समाधान की दिशा में काम करने की मांग की. मौके पर वार्ड पार्षद जयप्रकाश गुप्ता, शाह आलम, शहाबुद्दीन अंसारी, चंदन चौरसिया, सुभाष चौहान और अर्जुन गुप्ता मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए