सीवान फल मंडी की समस्या पर मुख्यमंत्री से मिले व्यवसायी, स्थायी समाधान की जगी उम्मीद
सड़क पर सजी फल की दुकान आवेदन के साथ फल व्यवसाय चंदन कुमार | Prabhat Khabar Network
सीवान फल मंडी की समस्याओं को लेकर चंदन कुमार ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की। सीएम ने डीएम को जल्द समाधान निकालने का निर्देश दिया है।
Siwan News : शहर के स्टेशन रोड स्थित फल थोक मंडी की समस्याओं को लेकर फल मंडी व्यवसायी चंदन कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर अपनी बात रखी. उन्होंने लंबे समय से स्टेशन रोड पर संचालित हो रही फल थोक मंडी के कारण व्यवसायियों, किसानों और आम लोगों को हो रही परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया. साथ ही मंडी के लिए स्थायी और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की.
स्टेशन रोड की फल मंडी से हो रही परेशानी
चंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि स्टेशन रोड पर लंबे समय से फल थोक मंडी संचालित होने के कारण व्यवसायियों के साथ किसानों और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने मंडी को किसी स्थायी और व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग रखी.
मुख्यमंत्री ने डीएम को फोन कर जल्द समाधान का दिया निर्देश
चंदन कुमार के अनुसार, उनकी समस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तत्काल सीवान के जिलाधिकारी को फोन किया और मामले का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया. इसके बाद जिलाधिकारी ने बताया कि फल मंडी व्यवसायियों के लिए हुसैनगंज में जमीन देखी गयी है.
सभी व्यवसायियों से विचार-विमर्श के बाद निर्णय की मांग
हुसैनगंज में जमीन देखे जाने की जानकारी मिलने पर चंदन कुमार ने कहा कि किसी भी निर्णय से पहले सभी संबंधित लोगों और फल मंडी व्यवसायियों के साथ बैठक की जाये. उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श के बाद ही निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि मंडी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके.
अन्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं अपनी समस्याएं
चंदन कुमार ने बताया कि सीवान जिले से कई अन्य लोग भी अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पटना पहुंचे थे. इनमें कुछ लोगों ने शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याएं रखीं, जबकि अन्य लोगों ने अलग-अलग जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा. जिला प्रशासन की ओर से सभी लोगों को पटना ले जाने और मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने की व्यवस्था की गयी.
फल मंडी व्यवसायियों में समाधान की जगी उम्मीद
चंदन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को निर्देश देने से फल मंडी व्यवसायियों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है. उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से पटना ले जाने और मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने की बेहतर व्यवस्था के लिए आभार भी जताया.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए