सीवान में PM मोदी के 25 साल के सेवा कार्यो को जन-जन तक पहुंचायेगी भाजपा, 17 सितंबर से चलेगा ‘सेवा समर्पण अभियान’
प्रेस वार्ता में जानकारी देते भाजपा नेता | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा समर्पण अभियान चलाएगी। जानिए पूरी जानकारी।
Siwan News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के संसदीय एवं सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा समर्पण अभियान’ चलाया जाएगा. अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों, विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ लाभार्थियों से प्रधानमंत्री के प्रति आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा. इसको लेकर भाजपा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी दी गयी.
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर होगी अभियान की शुरुआत
पर्यटन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने के साथ होगी. शाम आठ बजे जिले के घरों, मंदिरों, चौक-चौराहों और प्रमुख स्थानों पर दीप जलाने की अपील की गयी है. इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के साथ विकसित, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी भारत के निर्माण के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद व्यक्त किया जाएगा.
जन-जन तक पहुंचाये जाएंगे 25 वर्षों के सेवा कार्य
महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार ‘सेवा’ को प्राथमिकता दी गयी. गरीब, महिला, किसान और युवाओं को केंद्र में रखकर अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गयी हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश हमेशा ‘नेशन फर्स्ट’ रहा है और इसी सोच के साथ देश को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.
गांव-गांव और घर-घर पहुंचेंगे भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा नेताओं ने बताया कि अभियान के दौरान कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे. प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना सहित विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी लोगों तक पहुंचायी जाएगी.
‘25 साल, 25 कहानियां’ से बतायी जाएगी विकास की तस्वीर
अभियान के दौरान लाभार्थियों को इससे जोड़ने और प्रधानमंत्री के प्रति उनके आभार को जनभागीदारी में बदलने का प्रयास किया जाएगा. यात्रा, सेवा सेतु अभियान, रंगोली के माध्यम से प्रधानमंत्री की कल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन और ‘25 साल, 25 कहानियां’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे. रंगोली के माध्यम से आयुष्मान भारत, उज्ज्वला सहित विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित कर लोगों को उनके लाभ की जानकारी दी जाएगी.
अभियान के अंतिम चरण में होगा जनप्रतिनिधियों का महाकुंभ
अभियान के अंतिम चरण में जनप्रतिनिधियों का महाकुंभ आयोजित किया जाएगा. भाजपा नेताओं के अनुसार इसमें देशभर से सवा लाख से अधिक जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गयी है. इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे.
प्रेस वार्ता में कई भाजपा नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, पर्यटन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं नेता मौजूद रहे. इस मौके पर विधायक करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, संजय कुमार पांडे, मुकेश कुमार बंटी, नंद प्रसाद चौहान, अनुराधा गुप्ता, रंजीत गुप्ता सहित कई नेता उपस्थित थे.
पार्टी कार्यक्रम नहीं, जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील
भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि ‘सेवा समर्पण अभियान’ को केवल पार्टी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए