सीवान: भगवानपुर हाट के स्कूल में चोरी, एमडीएम के बर्तन और एक क्विंटल चावल ले गए चोर
विद्यालय में चोरी की घटना के बाद जांच करती पुलिस.
भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने मध्याह्न भोजन के बर्तन, एक क्विंटल चावल और खेल सामग्री चुरा ली, जिससे स्कूल प्रशासन और छात्रों की परेशानी बढ़ सकती है.
भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के नया प्राथमिक विद्यालय (एनपीएस) गोपालपुर बड़ौरा एससी टोला में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर किचेन शेड में रखे मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बनाने के बर्तन, करीब एक क्विंटल चावल, कार्यालय से दीवार घड़ी और खेल सामग्री चोरी कर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया.
विद्यालय की प्रधान शिक्षिका बबिता कुमारी ने भगवानपुर हाट थाना में आवेदन देकर घटना की शिकायत दर्ज करायी है. उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह विद्यालय के सभी शिक्षक पहुंचे तो मुख्य भवन और किचेन शेड का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाकर जांच करने पर एमडीएम योजना के लिए रखे बड़े-बड़े बर्तन, करीब एक क्विंटल चावल, कार्यालय में लगी दीवार घड़ी और खेल सामग्री गायब मिली.
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
चोरी की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थाना के एसआई अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटायी. चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के संभावित स्थानों और अन्य सुरागों की जांच की जा रही है.
एमडीएम योजना के संचालन पर पड़ सकता है असर
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, चोरी के कारण मध्याह्न भोजन योजना के संचालन पर भी असर पड़ सकता है. भोजन बनाने के आवश्यक बर्तन और खाद्यान्न चोरी हो जाने से स्कूल में एमडीएम तैयार करने में परेशानी हो सकती है. इससे छात्रों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
चोरों की पहचान में जुटी पुलिस
प्रधान शिक्षिका के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
वहीं, ग्रामीणों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए