सीवान: सावन की पहली सोमवारी पर सोहगरा धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

बाबा हंसनाथ मंदिर सोहगरा धाम
सीवान के सोहगरा स्थित बाबा हंसनाथ मंदिर में सावन की पहली सोमवारी पर 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण की व्यापक तैयारी की है.
Siwan News: सावन की पहली सोमवारी पर प्रखंड के सोहगरा स्थित प्रसिद्ध बाबा हंसनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. मंदिर समिति के अनुसार इस बार करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा हंसनाथ का जलाभिषेक करेंगे. इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं.
गंडकी नदी में स्नान के बाद होगा जलाभिषेक
मंदिर समिति के अनुसार श्रद्धालु पवित्र गंडकी नदी में स्नान करने के बाद सुबह चार बजे से ही जलाभिषेक के लिए कतार में लगना शुरू कर देंगे. मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पट खोला जाएगा, जिसके बाद श्रद्धालु बाबा हंसनाथ का जलाभिषेक करेंगे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे.
यूपी-बिहार के कई जिलों से पहुंचेंगे शिवभक्त
मंदिर समिति का कहना है कि इस बार सीवान, गोपालगंज, छपरा के अलावा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, लार, सलेमपुर, बलिया, सिकंदरपुर, गाजीपुर, मऊ, भाटपार और भटनी सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त सोहगरा धाम पहुंचेंगे.
भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है. अंचलाधिकारी डॉ. विकास कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं को मुख्य मार्ग से पैदल मंदिर के मुख्य द्वार तक आने की अनुमति होगी. वहां से कतारबद्ध तरीके से संख्या के अनुसार गर्भगृह में प्रवेश कराया जाएगा.
उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग, प्रवेश द्वार, मंदिर परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती रहेगी. भीड़ प्रबंधन के लिए जिले से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है. महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गर्भगृह एवं मंदिर परिसर में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी.
Also Read: बिहार में सड़क हादसा हुआ तो बस 112 पर करें कॉल, मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











