सीवान में 26 निजी स्कूलों पर कार्रवाई, 24 घंटे में अपार ID नहीं बनी तो रद्द हो सकता है यू-डायस कोड

Updated:
विज्ञापन

पढ़ाई करती छात्राएं | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सीवान में अपार आईडी निर्माण में लापरवाही बरतने वाले 26 निजी विद्यालयों पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। यू-डायस कोड रद्द करने की चेतावनी दी गई है।

विज्ञापन

Siwan News : अपार आईडी निर्माण का लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले जिले के 26 निजी विद्यालयों पर कार्रवाई की तलवार लटक गयी है. जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित विद्यालयों के निदेशक, प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को अंतिम स्मार जारी करते हुए 24 घंटे के अंदर लंबित विद्यार्थियों का अपार आईडी निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया है. निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं होने पर विद्यालयों का यू-डायस कोड रद्द करने और प्रस्वीकृति समाप्त करने की कार्रवाई शुरू की जायेगी.

विज्ञापन

24 घंटे में अपार आईडी नहीं बनी तो होगी कार्रवाई

जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पहले 58 निजी विद्यालयों को अपार आईडी निर्माण के लिए सभी शर्तें पूरी करने वाले विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद 45 निजी विद्यालयों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया. बावजूद इसके आठ सितंबर को हुई समीक्षा में 27 विद्यालयों में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 20 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों का अपार आईडी निर्माण लंबित पाया गया.

विभाग ने लापरवाही को माना गंभीर

शिक्षा विभाग ने अपार आईडी निर्माण में हो रही देरी को गंभीरता से लिया है. अंतिम स्मार पत्र में कहा गया है कि कार्य में लापरवाही विभागीय निर्देशों की अवहेलना और कार्य के प्रति उदासीनता को दर्शाती है. संबंधित विद्यालयों को पत्र जारी होने के 24 घंटे के अंदर शेष विद्यार्थियों का अपार आईडी निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया है.

यू-डायस कोड रद्द करने की चेतावनी

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में अपार आईडी निर्माण पूरा नहीं होने पर संबंधित निजी विद्यालयों के यू-डायस कोड को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. इसके साथ ही विद्यालय की प्रस्वीकृति समाप्त करने के लिए भी कार्रवाई की जायेगी. विभाग के इस सख्त रुख से संबंधित निजी विद्यालयों में हड़कंप की स्थिति है.

इन निजी विद्यालयों पर लटकी कार्रवाई की तलवार

कार्रवाई की जद में आने वाले निजी विद्यालयों में के.पी.एस. केंद्रीय विद्यालय बरहनी, डॉन बॉस्को हाई स्कूल, इक़रा किड्स स्कूल सीवान, दून प्रेप. स्कूल भादा खुर्द, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल सीवान, मेस्को पब्लिक स्कूल एमएमएच कॉलोनी, अल-फलाह इस्लामिक मॉडल स्कूल, विद्या भारती पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल सीवान, सूफिया पब्लिक स्कूल बाइपास रोड एसकेजी मिल, महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, आर.बी.जी. पब्लिक स्कूल तितरा, नॉर्थ स्टार पब्लिक स्कूल चनरी, यूनाइटेड इंटरनेशनल स्कूल, ब्लू स्काई द स्कूल, जी.पी. इंटरनेशनल स्कूल पसीवर, ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल बगौरा, आर.ए.सी. पब्लिक स्कूल बगौरा, श्री राम नगिना मिश्रा शिक्षण संस्थान दरैला, द ज्ञान भैरव ग्लोबल स्कूल, आइडियल पब्लिक स्कूल, रियल पब्लिक स्कूल छपिया बुजुर्ग, शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल, आर.के.जी. पब्लिक स्कूल, सनराइज पब्लिक स्कूल और द एवरेस्ट पब्लिक स्कूल पचरुखी शामिल हैं.

सरकारी स्कूलों में भी अपार आईडी निर्माण की रफ्तार धीमी

सीवान जिले के सरकारी विद्यालयों में भी अपार आईडी निर्माण की प्रगति को लेकर शिक्षा विभाग ने नाराजगी जतायी है. यू-डायस 2026-27 में शामिल छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण 30 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक मात्र 81 प्रतिशत विद्यार्थियों का ही अपार आईडी बन पाया है.

10,743 विद्यार्थियों की शर्तें पूरी, फिर भी नहीं बनी आईडी

जिले के 1621 सरकारी विद्यालयों में 10,743 छात्र-छात्राएं ऐसे हैं, जिन्होंने अपार आईडी निर्माण की सभी शर्तें पूरी कर ली हैं. इसके बावजूद इन विद्यार्थियों का आईडी निर्माण अब तक नहीं हुआ है. इस स्थिति को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को अंतिम रूप से निर्देश जारी किया है.

एक सप्ताह में आईडी बनाने का निर्देश

जारी पत्र में कहा गया है कि शर्तें पूरी करने वाले विद्यार्थियों का अपार आईडी पत्र जारी होने के एक सप्ताह के अंदर नियमानुसार बनाना सुनिश्चित किया जाये. ऐसा नहीं करने पर संबंधित प्रधानाध्यापक का वेतन स्थगित किया जा सकता है. विभाग ने विद्यालय स्तर पर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया है.

30 सितंबर तक शत-प्रतिशत निर्माण का लक्ष्य

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शेष विद्यार्थियों के आंकड़ों में आवश्यक सुधार करने और आधार टैग करते हुए 30 सितंबर तक सभी छात्र-छात्राओं का अपार आईडी निर्माण शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया है. विद्यालयवार प्रतिवेदन के कॉलम आठ में उन विद्यार्थियों की संख्या दर्ज की गयी है, जिनका सभी शर्तें पूरी करने के बावजूद अपार आईडी नहीं बना है. संबंधित विद्यालय यह सूची प्रखंड संसाधन केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं.

बीईओ को भी नियमित समीक्षा का निर्देश

सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने स्तर से अपार आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए अनुपालन और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अपार आईडी निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जायेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन