सीवान में 112 के जवान की बहादुरी, अकेले शराब तस्कर को दबोचा; तीन बैग शराब और बाइक जब्त

Author Amarnath Sharma|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन

बैग खोलकर जांच करती नगर थाने की पुलिस | Prabhat Khabar

सीवान में एक पुलिस जवान की असाधारण सतर्कता और बहादुरी ने शराब तस्करी की एक बड़ी खेप पकड़े जाने में मदद की. एक सिपाही ने अकेले ही तीन तस्करों का सामना किया, जिसमें से एक को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में शराब जब्त की गई.

विज्ञापन

सीवान: नगर थाना क्षेत्र के छपरा रोड स्थित वर्मा ट्रांसपोर्ट के समीप रविवार दोपहर एक पुलिस जवान की सतर्कता और बहादुरी से कथित शराब तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी गई. इस दौरान 112 बाइक पर तैनात पुलिस जवान ने अकेले ही एक संदिग्ध को पकड़कर रखा, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए.

आपके शहर में

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे 112 बाइक पर तैनात पुलिस जवान मनोज कुमार नियमित गश्त पर थे. इसी दौरान उनकी नजर वर्मा ट्रांसपोर्ट के पास पेड़ के नीचे तीन काले पिट्ठू बैग के साथ खड़े तीन युवकों पर पड़ी. पुलिस को देखते ही दो युवक तीनों बैग छोड़कर भाग निकले, जबकि एक युवक को जवान ने पकड़ लिया.

हाथापाई में जवान घायल, फिर भी नहीं छोड़ा आरोपी

गिरफ्तार होने से बचने के लिए कथित आरोपी ने जवान के साथ हाथापाई की. धक्का-मुक्की के दौरान जवान मनोज कुमार को मामूली चोट भी आई. इसके बावजूद उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को अपने कब्जे में बनाए रखा.

बताया गया कि आरोपी पास की एक गली में जाकर छिपने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवान ने उसे नहीं छोड़ा. अकेले होने के बावजूद वह लगातार आरोपी को बातचीत में उलझाए रखे और साथ ही अपने साथियों तथा नगर थाना पुलिस को सूचना देते रहे.

तीन बैग शराब और बाइक जब्त

करीब आधे घंटे बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर तीनों पिट्ठू बैग तथा मौके पर खड़ी एक बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान तीनों बैग में शराब बरामद हुई.

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है. साथ ही फरार हुए दो अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.

इस घटना ने एक ओर 112 बाइक पर तैनात पुलिस जवान की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा को सामने लाया है. वहीं, सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने में हुई देरी को लेकर भी चर्चा हो रही है.

Also Read: अगस्त से गंगा में दौड़ेगी वाटर मेट्रो, पटना को मिलेगा नया सफर का अनुभव, जानिए रूट से लेकर किराए तक सबकुछ



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन