पुपरी में युवक की संदिग्ध मौत, FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मौके पर उमड़ी भीड़, पुलिस बल व अन्य.
सीतामढ़ी के पुपरी में एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची. पत्नी और बहन के विरोधाभासी बयानों ने मामले को और उलझा दिया है.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के पुपरी नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में शनिवार को एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया. किराये के मकान में 26 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक की पहचान अररिया जिला के शिवनगर मुहल्ला निवासी रामू दास के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है.
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया. मामले की जांच के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए.
Pupri News: दो साल से पत्नी के साथ पुपरी में रह रहा था चंदन
बताया जाता है कि चंदन कुमार पिछले करीब दो वर्षों से अपनी पत्नी ज्योति कुमारी के साथ पुपरी में किराये के मकान में रह रहा था. उसकी पत्नी एक निजी जांच घर में कार्यरत है.
पुलिस के अनुसार, चंदन के साथ रह रहे एक व्यक्ति ने घटना की जानकारी उसकी पत्नी को दी. सूचना मिलने के बाद पत्नी जब घर पहुंची तो चंदन का शव फंदे से लटका हुआ मिला. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी.
मौके पर एएसपी सह एसडीपीओ सुनीता कुमारी, थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार, दारोगा रंजीत कुमार सहित पुलिस बल पहुंचा.
पत्नी बोली- नशे को लेकर होता था विवाद
चंदन की पत्नी ज्योति कुमारी ने पुलिस को बताया कि उसका पति नशा करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. ज्योति के अनुसार, वह पिछले चार दिनों से अपने मायके बिरौली में रह रही थी.
ज्योति और चंदन की शादी वर्ष 2020 में हुई थी. दोनों की एक पुत्री भी है. घटना के समय ज्योति के मायके में रहने की बात भी सामने आयी है.
बहन ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
इधर, मृतक की बहन आरती कुमारी ने चंदन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. उसका आरोप है कि पत्नी और उसके भाई ने मिलकर चंदन की गला दबाकर हत्या की और बाद में शव को फंदे से लटका दिया.
पुलिस ने परिजनों के आरोप और घटनास्थल से मिले तथ्यों को जांच में शामिल किया है. हालांकि, अभी हत्या या आत्महत्या की पुष्टि नहीं हुई है.
FSL जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलने के बाद FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.
एएसपी ने बताया कि घटनास्थल की FSL जांच करायी गयी है. मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए