सीतामढ़ी: कुछ साल पहले बनी सड़क का ऐसा हाल, गड्ढों में भर जाता है पानी, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
जर्जर सड़क
पुपरी नगर परिषद क्षेत्र की जर्जर सड़क लोगों के लिए आफत बन गई है. बड़े गड्ढों और बरसात में तालाब बन जाने से आवागमन दूभर हो गया है. स्कूली बच्चों से लेकर किसानों तक, सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Sitamarhi News: पुपरी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 में यदुपट्टी से पुपरी गांव को जोड़ने वाली पीसीसी मुख्य सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है. सड़क जगह-जगह टूट गयी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत और नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है.
Pupri News: कुछ साल पहले बनी सड़क हो गयी जर्जर
स्थानीय डॉ. नवीन कुमार झा समेत अन्य लोगों ने बताया कि महज कुछ वर्ष पूर्व ही नगर परिषद की ओर से इस सड़क का निर्माण कराया गया था. लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और रखरखाव के अभाव के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती गयी. वर्तमान में कई स्थानों पर सड़क टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं.

बरसात में गड्ढों में भर जाता है पानी
बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है. सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने के कारण यह हिस्सा तालाब जैसा दिखाई देने लगता है. इससे पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है. पानी और गड्ढों के कारण वाहन चालकों के लिए भी सड़क पर सुरक्षित तरीके से आवागमन करना मुश्किल हो जाता है.
स्कूली बच्चों और किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी
यदुपट्टी से पुपरी गांव को जोड़ने वाली यह सड़क स्थानीय लोगों के लिए मुख्य आवागमन मार्ग है. इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, किसान, महिलाएं और अन्य लोग बाजार, स्कूल तथा अनुमंडल मुख्यालय आते-जाते हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
बाइक सवार हो रहे चोटिल, ई-रिक्शा चालक भी परेशान
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं. ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को भी गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे परेशानी बढ़ गयी है. सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई
डॉ. नवीन कुमार झा, नूरानी खान, अहमद शाह, जमाल मास्टर, सोनू कुमार, राजा कुमार, ब्रजेश कुमार, नसीम राजा खान समेत अन्य वार्ड निवासियों ने बताया कि सड़क की स्थिति को लेकर नगर परिषद प्रशासन को कई बार मौखिक और लिखित शिकायत दी गयी है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जरूरत के अनुसार नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: मकान की छत पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने पर कितना टैक्स बचेगा? जानें 5 प्रतिशत छूट का नियम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए